विदेशी एजेंडे पर चलने वाले 'फ्लॉप शहजादे' को नहीं पता राष्ट्रनीति की एबीसीडी: ऋतुराज सिन्हा

पीएम मोदी के 7 अपीलों पर राहुल गांधी के बयान पर भाजपा राष्ट्रीय मंत्री ने तीखा प्रहार किया है। ऋतुराज सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री की अपील को 'उपदेश' कहना राहुल गांधी की अज्ञानता की पराकाष्ठा है....

विदेशी एजेंडे पर चलने वाले 'फ्लॉप शहजादे' को नहीं पता राष्ट्

Patna : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कड़ा हमला बोलते हुए उन्हें 'फ्लॉप शहजादा' करार दिया है। श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में की गई '7 अपीलों' को 'उपदेश' बताना राहुल गांधी की ओछी मानसिकता और अज्ञानता को दर्शाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति विदेशी धरती पर जाकर अपने ही देश का अपमान करता हो और विदेशी ताकतों के एजेंडे को बढ़ावा देता हो, उसे राष्ट्रनीति की 'एबीसीडी' का रत्ती भर भी ज्ञान नहीं हो सकता।


भाजपा नेता ने तीखे लहजे में कहा कि आज जब विश्व एक गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है, तब प्रधानमंत्री ने देश को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए जनता का सहयोग मांगा है। इसे सरकार की 'नाकामी' बताना न केवल सफेद झूठ है, बल्कि उन करोड़ों देशभक्त नागरिकों के संकल्प का अपमान है जो राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं। सिन्हा ने राहुल गांधी को आइना दिखाते हुए कहा कि जिनसे अपनी पार्टी के चार नेता नहीं संभल रहे, उन्हें दुनिया के सबसे शक्तिशाली और लोकप्रिय नेतृत्व को सीख देने की जरूरत नहीं है।


ऋतुराज सिन्हा ने आगे कहा कि राहुल गांधी की पूरी राजनीति केवल भ्रम फैलाने और नकारात्मकता पैदा करने तक सीमित रह गई है। प्रधानमंत्री की अपीलें—चाहे वह स्वदेशी अपनाना हो, जल संरक्षण हो या प्राकृतिक खेती—भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने के लिए हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि जो नेता केवल चुनाव के समय 'राजनीतिक पर्यटन' पर निकलते हैं, उन्हें जनता की वास्तविक भावनाओं और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं की समझ कभी हो ही नहीं सकती।


श्री सिन्हा ने स्पष्ट किया कि देश की जनता अब जागरूक हो चुकी है और वह ऐसे 'पार्ट-टाइम' नेताओं के बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह विषैला नैरेटिव देश की प्रगति में बाधक नहीं बन सकता। जनता पहले भी ऐसे अहंकारी नेतृत्व को कड़ा सबक सिखा चुकी है और एक बार फिर उनके इन बचकाने बयानों को सिरे से खारिज कर कचरे के डिब्बे में फेंक देगी।


अंत में भाजपा नेता ने जोर देकर कहा कि देश राहुल गांधी के नकारात्मक बयानों से नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत संकल्पों और सवा सौ करोड़ देशवासियों के अटूट भरोसे से चलता है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को सलाह दी कि वे देश विरोधियों का एजेंडा चलाने के बजाय अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन को तलाशने पर ध्यान दें, क्योंकि भारत अब रुकने वाला नहीं है।