Bihar News : डेयरी सेक्टर में बिहार का बढ़ा कद, केंद्र सरकार ने शीर्षत कपिल अशोक को NDDB के निदेशक मंडल में दी जगह
PATNA : डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव सह-अध्यक्ष, कॉम्फेड शीर्षत कपिल अशोक को केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एन.डी.डी.बी.) के निदेशक मंडल में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के रूप में नामित किया गया है।
एन.डी.डी.बी. के निदेशक मंडल में उन्हें प्रतिनिधित्व मिलने से माना जा रहा है कि अब एन.डी.डी.बी., कॉम्फेड तथा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के बीच नीतियों के अनुपालन, बेहतर समन्वय एवं प्रभावी क्रियान्वयन को बेहतर गति मिलेगी। साथ ही मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार की योजनाओं के साथ राज्य स्तर पर तालमेल और सुदृढ़ होगा। इससे राज्य के पशुपालकों की आय में वृद्धि तथा उनके जीवनस्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।
शीर्षत कपिल अशोक के प्रतिनिधित्व से बिहार सहित देश के डेयरी क्षेत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है। उनके अनुभव एवं नेतृत्व से किसान सशक्तिकरण, नवाचार, सहकारिता आधारित संगठनात्मक विकास तथा दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नई संभावनाओं को बल मिलेगा।
विदित हो कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एन.डी.डी.बी.) का योगदान श्वेत क्रांति के समय से ही देश एवं बिहार राज्य में सहकारी डेयरी आंदोलन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण रहा है। एन.डी.डी.बी. के मार्गदर्शन एवं सहयोग से बिहार में डेयरी सहकारिता को नई ऊंचाइयाँ प्राप्त हुई हैं।