Bihar Politics: राज्यसभा चुनाव से पहले तेजस्वी यादव का बंगाल दौरा! इस दिन दो दिवसीय दौरे के लिए होंगे रवाना, इन नेताओं से हो सकती है मुलाकात
Bihar Politics: राज्यसभा चुनाव से पहले बिहार सहित पूरे देश में सियासी हलचल तेज है। इसी बीच जानकारी सामने आ रही है कि राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव दो दिवसीय दौरे पर बंगाल जा सकते हैं।
Bihar Politics: राज्यसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के पश्चिम बंगाल दौरे की चर्चा शुरू हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक तेजस्वी यादव जल्द ही दो दिवसीय बंगाल दौरे पर जा सकते हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह वहां किन नेताओं से मुलाकात करेंगे, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।
तेजस्वी जाएंगे बंगाल
बता दें कि पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव को लेकर भापजा ने भी पूरी ताकत झोंक दी है और बिहार के कई भाजपा नेता लगातार बंगाल जाकर प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। पार्टी की कोशिश है कि इस बार बंगाल में सरकार बनाई जाए। इसी बीच तेजस्वी यादव का बंगाल दौरा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। पहले भी दोनों नेताओं के बीच कई मौकों पर मुलाकात हो चुकी है।
ममता बनर्जी से करेंगे मुलाकात
ज्ञात हो कि, जब तेजस्वी यादव की पत्नी कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती थीं और उनके बेटे का जन्म हुआ था, तब ममता बनर्जी स्वयं अस्पताल पहुंचकर उनसे मिलने गई थीं। यही वजह है कि माना जा रहा है कि बंगाल दौरे के दौरान तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी से भी मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि, इस दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी सामने नहीं आया है, लेकिन राज्यसभा चुनाव से पहले तेजस्वी का यह दौरा सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।
पटना से रंजन की रिपोर्ट