तेजस्वी का बड़ा एलान : जमुई पीड़िता के परिवार की पहचान उजागर मामले में सीएम सम्राट पर लगे पोक्सो एक्ट, वर्ना बिहार पुलिस के खिलाफ जाएंगे कोर्ट
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा है कि जमुई पीड़िता के परिवार के पहचान उजागर मामले में बिहार पुलिस सीएम सम्राट पर पोक्सो एक्ट लगाए। यदि पुलिस ऐसा नहीं करती है तो राजद बिहार पुलिस के खिलाफ कोर्ट जाएगी......
Patna : बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी और बिहार पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तेजस्वी ने कहा है कि जमुई की घटना से जुड़ी पीड़िता के परिजनों का फोटो और पहचान सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ पोक्सो एक्ट लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस इस मामले में पोक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुख्यमंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं करती है, तो राजद बिहार पुलिस के खिलाफ अदालत जाएगी।
तेजस्वी ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। पीएम, सीएम या कोई भी बड़ा अधिकारी हो कानून की नजर में सब एक है। फिर पीड़िता की पहचान उजाकर करने पर सिर्फ आम लोगों पर केस क्यो। सीएम पर भी पोक्सो एक्ट क्यों नही। जमुई समेत कई जगहों पर हुई ऐसे मामले में बड़ी संख्या में लोगों पर पोक्सो एक्ट लगा है। अगर पुलिस सीएम के खिलाफ ऐसा नहीं करती है तो इस एक्ट का कोई मतलब नही रह जाएगा। क्योंकि कानून की नजर में सब बराबर है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मामले में कार्रवाई होनी चाहिए, वरना यह साबित होता है कि बिहार पुलिस पक्षपात कर रही है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री भी कहते हैं कि कानून सभी के लिए है और कानून अपना काम करेगा। इनके ऊपर तो पहले से केस है, बिहार पुलिस क्या कर रही है?
मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी और इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
वहीं मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाते हुए तेजस्वी यादव ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी और इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ यह आंदोलन अभी शुरुआत मात्र है और जब तक उनका इस्तीफा नहीं हो जाता, तब तक यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी।
पीएम मोदी और अमित शाह पर साधा निशाना
चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि इस तरह के कई नमूने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के पास मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है और विपक्ष इस तानाशाही रवैये को बर्दाश्त नहीं करेगा।
चिराग पासवान के बयान पर तीखा तंज
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त को सामने आकर जनता को सफाई देनी चाहिए, तेजस्वी यादव ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "चिराग पासवान की बात छोड़िए, वे तो उसी व्यवस्था और सरकार की मलाई खा रहे हैं।"
रंजन की रिपोर्ट