रिशु श्री का सबसे करीबी राजदार गिरफ्तार, दलाल ठेकेदार की पत्नी है कंपनी डायरेक्टर, SVU को बड़ी सफलता
चर्चित ठेकेदार रिशु श्री को SVU ने पिछले सप्ताह टेंडर में कथित हेराफेरी, कमीशनखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया था। अब इस मामले में एक और बड़ी कार्रवाई हुई है.
Rishu Shree : रिशु श्री केस में SVU का शिकंजा कसता जा रहा है। विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने शुक्रवार को इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिशु श्री के करीबी सहयोगी संतोष कुमार को पटना से गिरफ्तार कर लिया। संतोष कुमार पर जांच एजेंसियों को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, वह मातोश्वरी कंपनी का निदेशक है, जबकि इस कंपनी में रिशु श्री की पत्नी ऋतांभरा कुमारी भी निदेशक के पद पर हैं। यह कंपनी सुपौल जिले से संचालित बताई जाती है और जांच एजेंसियां इसके वित्तीय लेनदेन तथा सरकारी ठेकों से जुड़े संबंधों की पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि चर्चित ठेकेदार रिशु श्री को SVU ने पिछले सप्ताह टेंडर में कथित हेराफेरी, कमीशनखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि उसने विभिन्न सरकारी विभागों में प्रभाव का इस्तेमाल कर ठेके हासिल किए और इसके लिए अधिकारियों को कथित रूप से रिश्वत व अन्य लाभ पहुंचाए। SVU सूत्रों के मुताबिक, रिशु श्री से जुड़े टेंडर हेराफेरी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संतोष कुमार की भूमिका को लेकर लंबे समय से जांच चल रही थी। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों तथा लेनदेन की जानकारी खंगाली जा रही है।

करोड़ों की सम्पत्ति उजागर
SVU की छापेमारी में पटना स्थित उसके आवास से करोड़ों रुपये मूल्य के सोना, चांदी और हीरे के आभूषण, नकदी तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि वह कथित तौर पर 8 से 9 प्रतिशत कमीशन पर सरकारी टेंडर मैनेज करता था।
दो आईएएस सस्पेंड
इस मामले की आंच बिहार की नौकरशाही तक पहुंच चुकी है। रिशु श्री प्रकरण में नाम आने के बाद बिहार सरकार ने दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों योगेश कुमार सागर और अभिलाषा कुमारी शर्मा को निलंबित कर दिया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि टेंडर अनियमितताओं और संदिग्ध लेनदेन के तार कई प्रभावशाली अधिकारियों तक जुड़े हुए हैं।
ऐसे होती थी डील
ED और SVU की जांच में यह भी आरोप सामने आए हैं कि सरकारी ठेके हासिल करने के लिए अधिकारियों को महंगे उपहार, विदेश यात्राएं और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती थीं। जांच एजेंसियों को डिजिटल साक्ष्य, चैट रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई अहम दस्तावेज मिले हैं।
अब खुलेगा बड़ा राज
संतोष कुमार की गिरफ्तारी को इस बहुचर्चित मामले में एक और बड़ी कड़ी माना जा रहा है। जांच एजेंसियों का मानना है कि उससे पूछताछ में रिशु श्री के कथित नेटवर्क, कंपनियों और सरकारी ठेकों से जुड़े कई नए खुलासे हो सकते हैं।
रंजन और अनिल की रिपोर्ट