Patna News: सर... सर... ज़रा रुकिए! छात्र की आवाज पर ठिठके सीएम सम्राट, पांच मांगों का ज्ञापन थमाया तो मिला भरोसा-फिक्र मत करो, सब ठीक होगा...

Patna News: पटना यूनिवर्सिटी के ऐतिहासिक साइंस कॉलेज परिसर में सोमवार को कुछ ऐसा ही मंजर देखने को मिला, जब निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अचानक एक छात्र की आवाज़ पर ठहर गए।

Student Stops Samrat CM Assures Action on Five Key Demands
छात्र की आवाज पर ठिठके सीएम सम्राट- फोटो : reporter

Patna News: सियासत की भी अपनी एक तस्वीर होती है। कभी मंच से किए गए ऐलान सुर्खियां बनते हैं तो कभी भीड़ के बीच से उठी एक आवाज पूरी कहानी का रुख बदल देती है। पटना यूनिवर्सिटी के ऐतिहासिक साइंस कॉलेज परिसर में सोमवार को कुछ ऐसा ही मंजर देखने को मिला, जब निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अचानक एक छात्र की आवाज पर ठहर गए। "सर... सर... ज़रा रुकिए..." की पुकार सुनते ही मुख्यमंत्री ने अपने कदम रोक दिए। महज एक मिनट की यह मुलाकात शिक्षा व्यवस्था, छात्रों की उम्मीदों और सरकार के वादों के बीच एक नई बहस छोड़ गई।

आवाज लगाने वाले छात्र थे निक्की कुमार, जो पटना साइंस कॉलेज में बीएससी केमिस्ट्री द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी हैं। कभी एनएसयूआई से जुड़े रहे निक्की आज निर्दलीय चुनाव जीतकर साइंस कॉलेज के काउंसलर हैं। नालंदा के रहने वाले निक्की ने मुख्यमंत्री के सामने कॉलेज की बदहाल जरूरतों को बेबाक अंदाज़ में रखा और पांच सूत्री ज्ञापन सौंप दिया।

ज्ञापन में सबसे पहली मांग साइंस कॉलेज में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की थी। दूसरी मांग खेल मैदान के आधुनिकीकरण की रखी गई, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। तीसरी मांग छात्राओं के लिए कम से कम 100 बेड वाले हॉस्टल के निर्माण की थी। चौथी मांग स्टैटिस्टिक्स और मैथमेटिक्स विभाग के लिए अलग शैक्षणिक भवन बनाने की थी, क्योंकि आज तक इन विभागों का अपना स्थायी भवन नहीं है। पांचवीं और सबसे अहम मांग वर्ष 2003 के बाद से रुकी नॉन-टीचिंग स्टाफ की बहाली को लेकर थी, जिसे छात्र लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी कमी मानते रहे हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्र का ज्ञापन गंभीरता से लिया और मुस्कुराते हुए भरोसा दिलाया, तुम चिंता मत करो, सब ठीक कर देंगे।... यह छोटा-सा संवाद मौके पर मौजूद छात्रों के बीच उम्मीद की एक नई किरण बन गया।

दरअसल, मुख्यमंत्री पटना साइंस कॉलेज के व्यापक निरीक्षण पर पहुंचे थे। उन्होंने परिसर का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसी दौरान उन्होंने एक बड़ी घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना साइंस कॉलेज परिसर में यूनिवर्सिटी ऑफ फिजिक्स एंड साइंसेज की स्थापना की जाएगी। यह विश्वविद्यालय विज्ञान और भौतिकी के क्षेत्र में उच्चस्तरीय शिक्षा, अत्याधुनिक अनुसंधान और नवाचार का नया केंद्र बनेगा, जहां विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सियासी गलियारों में इस पूरे घटनाक्रम के कई मायने निकाले जा रहे हैं। एक ओर सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बड़े विज़न का खाका पेश कर रही है, तो दूसरी ओर जमीनी हकीकत बताने वाला एक छात्र मुख्यमंत्री को कॉलेज की बुनियादी जरूरतों की याद दिला रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि छात्र की आवाज पर मिला भरोसा महज एक तसल्ली साबित होता है या फिर आने वाले दिनों में यह वादा हकीकत का रूप भी लेता है।

देवांशु प्रभात की रिपोर्ट