Bihar News : 'दीदी तन्हा रह जाएंगी, साथ सिर्फ अभिषेक होंगे', शाहनवाज हुसैन ने ममता बनर्जी पर कसा तंज, TMC को बताया 'कलमी पार्टी'
Bihar News : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने टीएमसी को कलमी पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि टीएमसी में कम्युनिस्ट और कांग्रेस का टिशु लगा है......पढ़िए आगे
PURNEA : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन आज पूर्णिया पहुंचे। यहां उन्होंने पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर जुबानी हमला बोला। शाहनवाज हुसैन ने टीएमसी को एक 'कलमी पार्टी' (बिना जमीन की जड़ वाली) करार देते हुए कहा कि इस पार्टी का अपना कोई मूल आधार नहीं है, बल्कि यह दूसरी पार्टियों के टुकड़ों पर बनी है।
कम्युनिस्ट और कांग्रेस का 'टिशू' मिलाकर गमले में उगाई गई पार्टी है TMC: शाहनवाज
शाहनवाज हुसैन ने तंज कसते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस में कम्युनिस्ट और कांग्रेस पार्टी का 'टिशू' लगा हुआ है। उन्होंने कहा, "सबका टिशू लाकर एक गमले में कलम लगाया गया, जिसके बाद तृणमूल की उत्पत्ति हुई। इसकी असली जड़ तो गमले में थी, जमीन पर इसकी कोई वास्तविक जड़ थी ही नहीं।" उन्होंने आगे कहा कि तृणमूल कांग्रेस के जो गमले सजे थे, उसमें ज्यादातर कलमी पौधे ही थे। ममता बनर्जी ने कभी कांग्रेस को तोड़ा तो कभी कम्युनिस्टों को, लेकिन अब उनके खुद के लोग उनसे अलग हो रहे हैं।
"दीदी तन्हा रह जाएंगी..." ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर कसा तंज
पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति और टीएमसी में जारी अंदरूनी कलह पर शायराना अंदाज में चुटकी लेते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, "अब सब बारी-बारी से बिछड़ेंगे और दीदी (ममता बनर्जी) बिल्कुल तन्हा रह जाएंगी।" हालांकि, उन्होंने तंज कसते हुए यह भी जोड़ा कि इस बात की पूरी गारंटी है कि भविष्य में चाहे कोई भी साथ छोड़ दे, लेकिन उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी हमेशा उनके साथ ही रहेंगे।
मंत्री लेशी सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां: 'लखपति दीदी' से 3 करोड़ महिलाओं को मिला लाभ
इसी दौरान बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने केंद्र की नरेंद्र मोदी और राज्य की नीतीश कुमार सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास की गति बेहद तेज हुई है। मंत्री ने महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए बताया कि 'लखपति दीदी' योजना के तहत देश की 3 करोड़ से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया गया है, जबकि बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए 'सुकन्या समृद्धि योजना' के तहत 4.5 करोड़ से ज्यादा खाते खोले जा चुके हैं।
58 करोड़ बैंक खाते और 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' से बदला महिलाओं का भाग्य
मंत्री लेशी सिंह ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए 58 करोड़ से अधिक जनधन बैंक खाते खोले गए, जिनमें से 32 करोड़ से ज्यादा खाते सिर्फ महिलाओं के नाम पर हैं। देश की सुरक्षा में महिलाओं की भागीदारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों में महिला अधिकारियों की संख्या 3 हजार से बढ़ाकर 11 हजार से अधिक कर दी गई है। इसके साथ ही कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के मकान दिए गए हैं। उन्होंने ऐतिहासिक 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' (33% महिला आरक्षण) का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष ने परिसीमन और सीटों के पुनर्निर्धारण के मुद्दों पर इस जनहितकारी व्यवस्था में लगातार बाधाएं खड़ी की हैं।
अंकित की रिपोर्ट