तेजस्वी की चिट्ठी पर जदयू का जवाब, संजय झा बोले- सच्चाई सामने आएगी, प्रिंस यादव मामले में ऐसे होगी कार्रवाई
तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय झा ने कहा कि नेपाल में दिवंगत हुए प्रिंस यादव के परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।
Bihar News : जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने कोचिंग विवाद में फंसे रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव मौत मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और बिहार सरकार इस मामले में निष्पक्ष जांच कराएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच के बाद "दूध का दूध और पानी का पानी" हो जाएगा और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय झा ने कहा कि नेपाल में दिवंगत हुए प्रिंस यादव के परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच करा रही है और सच्चाई सामने आने के बाद उचित कार्रवाई होगी।
सहयोग शिविर को बताया सराहनीय पहल
बिहार सरकार द्वारा शुरू किए गए "सहयोग शिविर" कार्यक्रम पर संजय झा ने कहा कि यह आम लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक बेहतर पहल है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुराने "जनता के दरबार में मुख्यमंत्री" कार्यक्रम का भी जिक्र किया। संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा लोगों की समस्याओं को सीधे सुनते रहे हैं और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते हैं।
प्रधानमंत्री को मिले सम्मान पर जताई खुशी
स्लोवाकिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने पर संजय झा ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और दुनिया में भारतीय पासपोर्ट की साख मजबूत हुई है। संजय झा ने कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और विभिन्न देशों के साथ संबंधों में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
जदयू की बैठक में होगा संगठन और चुनावी जीत पर मंथन
21 जून को होने वाली जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक को लेकर संजय झा ने कहा कि बैठक में संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिले जनादेश पर भी चर्चा होगी। उन्होंने संकेत दिया कि चुनाव के बाद पार्टी संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
ईरान-अमेरिका समझौते का किया स्वागत
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम होने तथा समझौते की दिशा में बढ़े कदमों पर संजय झा ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह शांति स्थायी रूप लेगी और दुनिया को लंबे समय तक इसका लाभ मिलेगा।