संजय झा ने असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा को दिया बिहार आने का न्योता, बोले- बिहार मऽ अहाँ के स्वागत अछि... कारण जान हो जाएंगे हैरान
बिहार दौरे से पहले हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा था, 'और बताइए, बिहारवासियों! कल बिहार में कुछ बेहद स्वादिष्ट व्यंजन चखने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं।
Bihar News : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बिहार दौरे से पहले राज्य के पारंपरिक खानपान को लेकर सोशल मीडिया पर दिलचस्प बातचीत देखने को मिली। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने हिमंत बिस्वा सरमा को बिहार आने का न्योता देते हुए यहां के लजीज व्यंजनों का स्वाद चखने का आग्रह किया। उन्होंने मैथिली में लिखा, 'बिहार मऽ अहाँ के स्वागत अछि।'
दरअसल, नवंबर की शुरुआत में हिमंत बिस्वा सरमा हिमाचल प्रदेश के दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने वहां के पारंपरिक व्यंजन 'सिड्डू' का स्वाद चखा था। इसके बाद असम के मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों से यहां के खास और स्वादिष्ट व्यंजनों के बारे में सुझाव मांगे थे।
संजय झा ने गिनाए बिहार के खास व्यंजन
हिमंत बिस्वा सरमा के सवाल पर संजय झा ने बिहार के खानपान की लंबी फेहरिस्त साझा की। उन्होंने सत्तू पराठा और लिट्टी-चोखा से लेकर ठेकुआ और खाजा तक का जिक्र किया। इसके साथ ही मिथिला के पारंपरिक व्यंजनों में मखाना खीर, तिलकोर और माछ-भात का स्वाद लेने का भी सुझाव दिया। संजय झा ने असम के मुख्यमंत्री को मिथिला हाट जाने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि बिहार आने पर उनका 'भंसा घर' में स्वागत करने में खुशी होगी, जहां वे मिथिला के असली स्थानीय व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं।
हिमंत ने बिहारवासियों से मांगे थे खाने के सुझाव
बिहार दौरे से पहले हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा था, 'और बताइए, बिहारवासियों! कल बिहार में कुछ बेहद स्वादिष्ट व्यंजन चखने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं। आपके अंतिम सुझाव क्या हैं?' इस पोस्ट के साथ उन्होंने असम मुख्यमंत्री कार्यालय की वह पोस्ट भी साझा की, जिसमें हिमाचल प्रदेश दौरे के दौरान सिड्डू का स्वाद चखने का जिक्र था।
अब संजय झा के न्योते के बाद बिहार के पारंपरिक व्यंजन भी असम के मुख्यमंत्री के दौरे की चर्चा का हिस्सा बन गए हैं।