सम्राट चौधरी का सीएम बनते ही बड़ा एक्शन, वरीय अधिकारियों संग बैठक में दिया 5 सूत्री मंत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से संवाद कर समस्याओं का वास्तविक रूप में समाधान सुनिश्चित करना है। पूर्ण रूप से जनता की समस्याओं का समाधान हमलोगों का मकसद है।

Samrat Chaudhary
Samrat Chaudhary - फोटो : news4nation

Samrat Chaudhary: सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद संभालते ही राज्य में बेहतर कामकाज के लिए 5 सूत्री मंत्र दिया है. उन्होंने सीएम पद की शपथ लेने के कुछ समय बाद बुधवार को मुख्य सचिवालय में राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों संग बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में जो भी काम हो रहे हैं, उसका संचालन अच्छे ढंग से हो रहा है। आप सभी काम की गति को और तीव्र करें। 


उन्होंने 5 सूत्री दिशा निर्देश में कहा कि  दुगुनी गति से काम कर समस्याओं का तेजी से समाधान करें। राज्य में भ्रष्टाचार खत्म करने को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम करें। मुख्यालय स्तर से लेकर नीचे तक कहीं भी कार्यों को लटकाने की प्रवृत्ति नहीं होनी चाहिये। जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से हो, यह हमलोगों की प्रवृत्ति होनी चाहिये। प्रखण्ड, अंचल एवं थाना में आम जनता को सुविधा मिले तथा ससमय उनकी समस्या का समाधान हो। बिहार को विकसित एवं समृद्ध प्रदेश बनाने के लिये हमलोगों को एकजुट होकर अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ काम करना है। 


उन्होंने कहा कि  भूमि विवाद से संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर किसी प्रकार की जटिलता नहीं होनी चाहिये, कार्यों को सरल बनाते हुये उनका जल्द निपटारा करें। भूमि समस्या के कारण ही 60 से 70 प्रतिशत आपसी विवाद होता है। जनता परेशान न हो, खुशहाल रहे, इसको ध्यान में रखते हुये काम करना है। उन्होंने कहा कि प्रखण्ड, अंचल एवं थाना में आम जनता को सुविधा मिले तथा ससमय उनकी समस्या का समाधान हो।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से संवाद कर समस्याओं का वास्तविक रूप में समाधान सुनिश्चित करना है। पूर्ण रूप से जनता की समस्याओं का समाधान हमलोगों का मकसद है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत के सपने को साकार करना है। बिहार को विकसित एवं समृद्ध प्रदेश बनाने के लिये हमलोगों को एकजुट होकर अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा। आप सभी को शुभकामनायें देता हूँ।


बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त  मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।