रौशन आनंद को मिली जमानत, एक दिन पहले हुई थी नेपाल में भाई की मौत से मामला, खान सर से हुआ था विवाद

रौशन आनंद को खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुई तोड़फोड़, मारपीट और हंगामे के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उन्हें कोर्ट ने अब जमानत दे दी है.

Roshan Anand gets bail
Roshan Anand gets bail- फोटो : news4nation

Roshan Anand : पटना के चर्चित खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञानबिंदु कोचिंग विवाद में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ज्ञानबिंदु जीएस एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद को सोमवार को अदालत से जमानत मिल गई है। रौशन आनंद को खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुई तोड़फोड़, मारपीट और हंगामे के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इससे पहले उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी, जिसके बाद वह न्यायिक हिरासत में थे।


यह पूरा विवाद 2 जून को उस समय शुरू हुआ था जब पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में भारी हंगामा हुआ। आरोप है कि कुछ लोगों ने कोचिंग संस्थान में घुसकर तोड़फोड़ की, पथराव किया और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद कदमकुआं थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस ने ज्ञानबिंदु के निदेशक रौशन आनंद सहित अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था।


दूसरी ओर, इस मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान (खान सर) का नाम भी सामने आया। विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। खान सर की ओर से कोचिंग परिसर पर हमले और फायरिंग की शिकायत दर्ज कराई गई, जबकि ज्ञानबिंदु पक्ष ने दावा किया कि उनके संस्थान को गलत तरीके से निशाना बनाया गया। मामले ने छात्रों और कोचिंग जगत में व्यापक बहस छेड़ दी। अदालत ने बाद में खान सर को भी गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी थी।


इस विवाद के बीच रौशन आनंद के परिवार पर दुखों का पहाड़ भी टूट पड़ा। उनके छोटे भाई प्रिंस यादव, जिनका नाम भी इस मामले की प्राथमिकी में शामिल था, नेपाल चले गए थे। शनिवार को नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नेपाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रिंस यादव की मौत ने पूरे प्रकरण को नया मोड़ दे दिया है और अब उनके निधन की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।


अनिल की रिपोर्ट