तेजस्वी यादव से रोहिणी आचार्य की बड़ी डिमांड, राजद को बचाने के लिए पार्टी में इन्हें मिले जगह

बांकीपुर में जमानत जब्ती और पार्टी के कुछ नेताओं के बीच लगातार जुबानी जंग जारी रहने के बीच राजद ने सभी संगठन यूनिट को भंग कर दिया है. इस पर अब रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी यादव से बड़ी मांग की है.

Rohini acharya on Tejashwi Yadav
Rohini acharya on Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा प्रदेश से लेकर जिला, प्रखंड, पंचायत और विभिन्न प्रकोष्ठों की सभी संगठनात्मक इकाइयों को भंग किए जाने के बाद पार्टी के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर अप्रत्यक्ष रूप से पार्टी संगठन पर तंज कसते हुए कहा कि यह फैसला काफी पहले लिया जाना चाहिए था।


रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि पार्टी की जिन इकाइयों और प्रकोष्ठों को भंग करने का निर्णय लिया गया है, वह निर्णय पहले ही हो जाना चाहिए था। उन्होंने उम्मीद जताई कि संगठन के पुनर्गठन में "कट्टर लालूवादी, वर्षों से पार्टी के साथ निष्ठा और समर्पण से जुड़े कार्यकर्ता, संगठन की समझ रखने वाले तथा जमीन से जुड़े जुझारू लोगों" को प्राथमिकता दी जाएगी।


उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि जमीन से जुड़े और सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक रूप से हाशिए पर खड़े लोगों को आगे लाना तथा कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी देना हमेशा लालू प्रसाद यादव की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की बेहतरी केवल लालू यादव के सिद्धांतों और उनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही संभव है।


तेजस्वी यादव से परामर्श के बाद बड़ा फैसला

इससे पहले राजद ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए राज्य की सभी संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल द्वारा जारी कार्यालय आदेश में बताया गया कि यह फैसला राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव से परामर्श के बाद लिया गया है। 


आदेश के अनुसार, 22 जनवरी 2025 को जारी पूर्व कार्यालय आदेश को निरस्त करते हुए प्रदेश, जिला, प्रखंड, पंचायत स्तर की सभी संगठनात्मक इकाइयों, विभिन्न प्रकोष्ठों और अन्य संबद्ध इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि प्रदेश के सभी स्तरों पर संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। 


बांकीपुर में हार के बाद फैसला 

पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता की करारी हार हुई थी। राजद जहाँ 2025 के विधानसभा चुनाव के समय में बांकीपुर में दूसरे नम्बर पर थी, वहीं उपचुनाव में राजद खिसक कर तीसरे नम्बर पर चली गई है। वहीं पार्टी के कई नेताओं के बीच पिछले कुछ दिनों में तीखी बयानबाजी हुई है। इससे पार्टी के भीतर की गुटबाजी भी उजागर हुई। इसके ठीक बाद तेजस्वी ने सभी संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया।


रोहिणी के बयान के कई मायने

रोहिणी आचार्य का बयान ऐसे समय आया है जब राजद संगठन में व्यापक बदलाव की तैयारी चल रही है। राजनीतिक गलियारों में उनके बयान को संगठन में सक्रिय और पुराने कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की खुली पैरवी के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, पार्टी के पुनर्गठन को लेकर अब सबकी नजर तेजस्वी यादव के अगले कदम और नई टीम के गठन पर टिकी हुई है।