Bihar Politics:नीतीश के राज्यसभा जाने पर RJD का भाजपा पर तीखा हमला, साइलेंट ऑपरेशन या सियासी साजिश?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा का रुख कर सकते हैं। इसी मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल ने भाजपा के खिलाफ जमकर सियासी तीर चलाए हैं।...

 Shakti Singh Yadav
RJD का भाजपा पर तीखा हमला- फोटो : social Media

Bihar Politics: बिहार की सियासत में इन दिनों हलचल अपने चरम पर है। खबर है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा का रुख कर सकते हैं। इसी मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल ने भाजपा के खिलाफ जमकर सियासी तीर चलाए हैं।

राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सोशल मीडिया मंच X पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए लिखा कि भाजपा ने “साइलेंट ऑपरेशन लोटस” चलाकर नीतीश कुमार को पूरी तरह से घेर लिया है। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री को डरा-धमका कर जबरन राज्यसभा भेजा जा रहा है, ताकि बाद में यह नैरेटिव गढ़ा जा सके कि उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ा।

राजद का आरोप है कि सत्ता हथियाने के लिए यह भाजपा का सबसे बड़ा और घृणित षड्यंत्र है, जिसमें मुख्यमंत्री को महज़ एक मोहरे की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। शक्ति सिंह यादव ने दावा किया कि नीतीश कुमार आज पूरी तरह लाचार और बेबस स्थिति में हैं। उन्होंने अपने करीबियों से कथित तौर पर कहा है कि “मैं घिर चुका हूं, मेरी कुछ नहीं चल रही, मजबूरी में नामांकन कर रहा हूं।”

राजद ने इसे केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि “राजनीतिक अपहरण” करार दिया है। पार्टी का कहना है कि पूरी जदयू खौफ और मायूसी के साए में है।

हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर अब तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज है कि अगर नीतीश दिल्ली जाते हैं तो बिहार में सत्ता का नया समीकरण आकार ले सकता है।

पटना से दिल्ली तक फैले इस सियासी संग्राम में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह बदलाव वाकई स्वेच्छा से होगा या विपक्ष के आरोपों में कोई सियासी सच्चाई छिपी है।