मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़कर अब अपना अधूरा सपना पूरा करेंगे नीतीश कुमार, 75 साल की उम्र में पूरी होगी ख्वाहिश

नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना भी उनके एक सपने के पूरे होने की तरह है. वह भी ऐसा सपना जो नीतीश कुमार वर्षों से देख रहे थे

Nitish Kumar
Nitish Kumar- फोटो : news4nation

Nitish Kumar : वर्ष 2005 से बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा के लिए नामांकन करने की घोषणा कर दी. इसके साथ ही बिहार में नीतीश युग का अंत हो रहा है. लेकिन नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना भी उनके एक सपने के पूरे होने की तरह है. वह भी ऐसा सपना जो नीतीश कुमार वर्षों से देख रहे थे लेकिन अब 75 साल की उम्र में उनका सपना पूरा हो रहा है. इसकी खुलासा खुद नीतीश कुमार ने किया है. 


दरअसल, नीतीश कुमार ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से राज्यसभा जाने की घोषणा की है. इसमें उन्होंने यह भी बताया है कि वे पहले ही विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं. लेकिन उनकी इच्छा थी कि वे उच्च सदन के सदस्य बनें यानी राज्यसभा सदस्य बनें. अब उनका यह सपना पूरा हो रहा है. उन्होंने इसे लेकर एक पोस्ट लिखा है. 


उन्होंने लिखा है - 'पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।'


वे आगे लिखते हैं कि 'संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।'