राबड़ी देवी के खिलाफ सम्राट सरकार करेगी सबसे बड़ी कार्रवाई ! 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने की डेडलाइन आज समाप्त
भवन निर्माण विभाग ने 30 मई को राबड़ी देवी को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का निर्देश दिया था ईसकी अवधि सोमवार को पूरी हो रही है.
Rabri Devi : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास खाली करने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा दी गई समयसीमा आज यानी सोमवार 15 जून को समाप्त हो रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राबड़ी देवी निर्धारित समय के भीतर आवास खाली करती हैं या फिर यह विवाद नया राजनीतिक मोड़ लेता है।
भवन निर्माण विभाग ने 30 मई को राबड़ी देवी को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का निर्देश दिया था। नोटिस में कहा गया था कि उन्हें बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में पहले ही नया सरकारी आवास आवंटित किया जा चुका है, इसलिए उन्हें नए आवास में स्थानांतरित होना चाहिए। सरकार की ओर से राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। भवन निर्माण विभाग का कहना है कि यह आवंटन काफी पहले किया जा चुका था, लेकिन अब तक लालू-राबड़ी परिवार ने 10 सर्कुलर रोड का आवास खाली नहीं किया है।
दरअसल, 10 सर्कुलर रोड बिहार की राजनीति का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी का परिवार करीब दो दशकों से अधिक समय से इस आवास में रह रहा है। हाल ही में बिहार सरकार ने इस बंगले का आवंटन पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम के नाम कर दिया, जिसके बाद विवाद और तेज हो गया।
इस मामले में पिछले दिनों राजनीतिक बयानबाजी भी तेज रही। शुरुआत में राबड़ी देवी ने आवास खाली करने से इनकार करते हुए कहा था कि यदि सरकार चाहती है तो फोर्स बुलाकर बंगला खाली करा सकती है। इसके बाद प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ीं और आवास परिसर के बाहर पुलिस की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी। वहीं राजद ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कही थी। यहां तक राबड़ी देवी की सुरक्षा में की गई कटौती के बाद लालू परिवार ने अपनी सुरक्षा वापस कर दी है। राबड़ी आवास के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता रोजना डेरा जमाये हैं।
हालांकि अब राजद नेताओं और परिवार की ओर से संकेत मिले हैं कि आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि परिवार का सामान अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। इसके बावजूद रविवार को भी राबड़ी आवास पर राजद कार्यकर्ताओं का जमावड़ा देखने को मिला। कार्यकर्ताओं का कहना है कि राबड़ी देवी जहां भी जाएंगी, पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ खड़े रहेंगे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि 15 जून की समयसीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्या राबड़ी देवी का परिवार आज ही 10 सर्कुलर रोड स्थित ऐतिहासिक आवास को औपचारिक रूप से खाली कर देता है।
रंजन की रिपोर्ट