बिहार सचिवालय सेवा के अधिकारियों को पदोन्नति का तोहफा : इन 12 उप सचिवों को मिला संयुक्त सचिव का कार्यकारी प्रभार, अधिसूचना जारी

बिहार सचिवालय सेवा के अधिकारियों को बड़ी पदोन्नति का तोहफा मिला है। बिहार सचिवालय सेवा के 12 उप सचिव (पे लेवल-12) स्तर के अधिकारियों को संयुक्त सचिव (पे लेवल-13) के पद का विहित वेतनमान सहित अस्थायी स्थानापन्न कार्यकारी प्रभार प्रदान किया गया है....

बिहार सचिवालय सेवा के अधिकारियों को पदोन्नति का तोहफा : इन 1

Patna : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ और गतिशील बनाने के उद्देश्य से बिहार सचिवालय सेवा के अधिकारियों को बड़ी पदोन्नति का तोहफा दिया है। विभाग द्वारा जारी नवीनतम अधिसूचना के तहत बिहार सचिवालय सेवा के 12 उप सचिव (पे लेवल-12) स्तर के अधिकारियों को संयुक्त सचिव (पे लेवल-13) के पद का विहित वेतनमान सहित अस्थायी स्थानापन्न कार्यकारी प्रभार प्रदान किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना ने 31 जुलाई 2026 को आधिकारिक पत्र (संख्या-13951) जारी किया है।


31 अक्टूबर 2023 की अधिसूचना की शर्तों के तहत हुआ निर्णय 

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह कार्यकारी प्रभार विभाग की पूर्व अधिसूचना संख्या-19300 (दिनांक 13.10.2023) में निहित अस्थायी स्थानापन्न कार्यकारी व्यवस्था के तहत दिया गया है। सरकार के इस फैसले से प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फाइलों और योजनाओं के निष्पादन में तेजी आने की उम्मीद है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई भूमिका के लिए निर्देशित किया गया है।


इन 12 अधिकारियों को सौंपी गई संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी 

जारी सूची के अनुसार पदोन्नत किए गए अधिकारियों में राय अमर नाथ सहाय (छपरा), संजय कुमार सिंह (गोपालगंज), मो० शाहनवाज रिजवानी (अररिया), आशुतोष कुमार (लखीसराय), राजीव कुमार झा (खगड़िया), बलिराम प्रसाद (भोजपुर), श्रीमती किरण कुमारी (बेगूसराय), अरविन्द कुमार (भोजपुर), शंकर दयाल (नालंदा), डॉ० सुनील कुमार (अरवल), रामायण राम (कैमूर) और जितेन्द्र कुमार (कटिहार) शामिल हैं। ये सभी अधिकारी अब तक उप सचिव के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।


पदभार ग्रहण की तिथि से मिलेगा वित्तीय लाभ 

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि उपर्युक्त सभी पदाधिकारियों द्वारा वर्तमान में धारित पदों को अगले आदेश तक 'संयुक्त सचिव' के रूप में उत्क्रमित (Upgrade) किया जाता है। इसके साथ ही, इन अधिकारियों को अपने-अपने नए पदों पर पदभार ग्रहण करने की तिथि से ही संयुक्त सचिव के पद का नियमानुसार अस्थायी स्थानापन्न कार्यकारी प्रभार का आर्थिक व वित्तीय लाभ देय होगा।


राज्यपाल के आदेश से जारी हुआ पत्र 

बिहार के राज्यपाल के आदेश से जारी इस अधिसूचना पर सरकार के अवर सचिव रजनीश कुमार के हस्ताक्षर हैं। पत्र की प्रतिलिपि बिहार राजपत्र में प्रकाशनार्थ ई-गजट कोषांग, वित्त विभाग, महालेखाकार (ले० एवं हक०) बिहार, सभी संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव तथा संबंधित जिला कोषागार अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।