Bihar News : समस्तीपुर में नाबालिग से छेड़खानी मामले में पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, छह घंटे में 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Bihar News : समस्तीपुर में नाबालिग से छेड़खानी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. महज 6 घंटे में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : समस्तीपुर में नाबालिग से छेड़खानी मामले में पुल
छेड़खानी के आरोपी गिरफ्तार - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के समस्तीपुर जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक संवेदनशील वीडियो पर पुलिस मुख्यालय ने त्वरित संज्ञान लिया है. मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध के पास की सड़क का है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ 3-4 युवकों द्वारा अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की जा रही थी. सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान मामला सामने आते ही पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया.

6 घंटे के भीतर सभी चारों आरोपी सलाखों के पीछे

पुलिस ने त्वरित तकनीकी सत्यापन के जरिए घटनास्थल की पहचान की और छापेमारी कर वीडियो में दिख रहे सभी 4 आरोपियों को महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान जगतसिंहपुर गांव निवासी विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और बिजौलिया गांव निवासी अवधेश पासवान के रूप में हुई है. पुलिस सभी के खिलाफ विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई कर रही है.

पोक्सो और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

बताया जा रहा है कि यह घटना लगभग एक सप्ताह पुरानी है. पीड़िता की पहचान उजागर न होने और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारी के बयान के आधार पर कर्पूरीग्राम थाना में कांड संख्या 117/26 दर्ज की गई है. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और आईटी एक्ट (IT Act) की गंभीर व सुसंगत धाराएं लगाई गई हैं.

पुलिस की सख्त अपील: वीडियो शेयर करना संज्ञेय अपराध

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आम जनता, मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से विशेष अपील जारी की है. पुलिस ने कहा है कि पीड़िता की पहचान छुपाने और उसे किसी भी प्रकार की मानसिक या सामाजिक क्षति से बचाने के लिए इस वीडियो को किसी भी प्लेटफॉर्म पर शेयर, फॉरवर्ड या पोस्ट न करें. ऐसा करना कानूनन संज्ञेय अपराध है और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

साइबर सेल की पैनी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

समस्तीपुर पुलिस और साइबर सेल अब सोशल मीडिया पर इस वीडियो को फॉरवर्ड करने वाले अकाउंट्स पर नजर रख रही है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित नाबालिग की निजता और सम्मान की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. कानून का उल्लंघन कर वीडियो वायरल करने या आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया जाएगा.