Bihar E-Bus Service: बिहार को मिलेगी 400 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, महिलाओं के लिए चलेंगी 50 'पिंक बसें'

पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार को 400 इलेक्ट्रिक AC बसों की सौगात मिलने जा रही है। पटना, गया, भागलपुर सहित 6 शहरों में इन बसों का परिचालन होगा। जुलाई 2026 में 200 बसों की पहली खेप आएगी, जिनमें 50 विशेष 'पिंक बसें' होंगी।

PM E-Bus Sewa Bihar
पीएम ई-बस सेवा योजना' के तहत बिहार को 400 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक एसी (AC) बसों की मिलेगी बड़ी सौगात- फोटो : news 4 nation AI

पटना: बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्र सरकार की 'पीएम ई-बस सेवा योजना' के तहत बिहार को कुल 400 नई इलेक्ट्रिक एसी (AC) बसों की मंजूरी मिली है। इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए बुधवार, 17 जून 2026 को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC), परिवहन विभाग और ग्रीनसेल मोबिलिटी के बीच एक महत्वपूर्ण कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर परिवहन विभाग के मंत्री दामोदर रावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।


जुलाई 2026 में आएगी पहली खेप, महिलाओं के लिए चलेंगी 'पिंक बसें'

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत बिहार को दो अलग-अलग आकारों की बसें मिलेंगी, जिसमें 9 मीटर की 200 बसें और 12 मीटर की 200 बसें शामिल हैं। इसके प्रथम चरण के तहत अगले महीने यानी जुलाई 2026 में 9 मीटर की सभी 200 बसें बिहार पहुंच जाएंगी। सबसे खास बात यह है कि महिलाओं को सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक सफर का तोहफा देने के लिए इन 200 बसों में से 50 इलेक्ट्रिक एसी बसों का संचालन विशेष रूप से 'पिंक बस' के रूप में किया जाएगा, जबकि शेष 150 बसें सामान्य परिचालन के लिए विभिन्न रूटों पर उतरेंगी।


बिहार के इन 6 प्रमुख शहरों में होगा ई-बसों का परिचालन

राज्य में प्रदूषण पर लगाम लगाने और शहरी यातायात को सुगम बनाने के लिए इन सभी 400 बसों का संचालन बिहार के छह प्रमुख शहरों में किया जाएगा। योजना के मुताबिक, राजधानी पटना को सबसे अधिक 150 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। इसके अलावा गयाजी (गया), भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया शहरों को 50-50 ई-बसें आवंटित की गई हैं। इन शहरों में बसों के परिचालन से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी विश्वस्तरीय यात्रा का अनुभव मिलेगा।


हरित परिवहन को बढ़ावा और प्रदूषण से मिलेगी मुक्ति

समझौते की पूर्व संध्या पर परिवहन सचिव राज कुमार ने बताया कि राज्य में एक साथ 400 एसी इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू होने से शहरी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को एक नई गति और पहचान मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन ई-बसों के सड़कों पर उतरने से यात्रियों को जहां सुरक्षित और आरामदायक सफर की गारंटी मिलेगी, वहीं बिहार के बड़े शहरों में कार्बन उत्सर्जन और प्रदूषण के स्तर को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी। यह कदम बिहार को हरित परिवहन (Green Mobility) की दिशा में तेजी से आगे ले जाएगा। इस कार्यक्रम में परिवहन सचिव के अलावा राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।