बाहुबली विधायक का खास और अंडरवर्ल्ड डॉन विकास सिंह CBI के रडार पर, 6 घंटे तक खंगाला पटना आवास

वर्ष 2014 में कोलकाता के दो कारोबारियों के गायब होने के मामले में घिरे विकास सिंह और भोला सिंह। सूरत से सह-आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पटना में सीबीआई की टीम ने अंडरवर्ल्ड डॉन विकास सिंह के श्री कृष्णा नगर स्थित आवास को 6 घंटे तक खंगाला

patna underworld don vikas singh house cbi raid
अंडरवर्ल्ड डॉन विकास सिंह CBI के रडार पर, 6 घंटे तक खंगाला पटना आवास - फोटो : Reporter

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के वर्ष 2014 के एक बेहद चर्चित अपहरण कांड को लेकर सीबीआई ने राजधानी पटना के श्री कृष्णा नगर स्थित अंडरवर्ल्ड डॉन विकास सिंह के आवास पर जबरदस्त छापेमारी की। बिहार के एक बहुचर्चित बाहुबली विधायक के करीबी माने जाने वाले विकास सिंह का राजधानी पटना समेत झारखण्ड , पश्चिम बंगाल समेत एनी राज्यों में भीं पिछले ढाई दशक से अधिक समय से आतंक रहा है। शनिवार को पुरे लाव लश्कर के साथ  छापेमारी करने पहुची सीबीआई की टीम ने लगभग 6 घंटे तक डॉन के घर कि सघन तलाशी अभियान के दौरान हालांकि कोई आपत्तिजनक वस्तु तो बरामद नहीं हुई, लेकिन टीम ने गहन जांच के लिए घर में मौजूद कुख्यात का मोबाइल और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। 

12 साल पुराना कोलकाता अपहरण कांड और सीबीआई जांच की वजह

यह पूरा मामला लगभग 12 वर्ष पुराना है, जब 14 जुलाई 2014 को कोलकाता के दो व्यवसायी बंधुओं का संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण कर लिया गया था, जिसके बाद से वे लापता हैं। इस कांड को अंजाम देने में पटना के विकास सिंह और बाढ़ के कुख्यात अपराधी भोला सिंह की मुख्य भूमिका सामने आई थी। लंबे समय तक जब पीड़ितों का कोई सुराग नहीं मिला और परिजनों का विरोध तीखा हुआ, तो उच्च न्यायालय के निर्देश पर मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई (मामला संख्या आरसी 1(5)/2015)। इसी केस से जुड़े महत्वपूर्ण सबूतों की तलाश में सीबीआई ने विकास के घर पर यह दबिश दी है।


फर्जी पहचान बनाकर सूरत में छिपा सह-आरोपी भोला सिंह गिरफ्तार

इस मामले में सीबीआई को करीब डेढ़ महीने पहले बीते 15 मई को एक बड़ी सफलता मिली थी, जब कोलकाता अपहरण कांड के सह-आरोपी भोला सिंह उर्फ गौतम कुमार को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया गया था। भोला सिंह वर्ष 2015 में जांच शुरू होने के बाद से ही फरार चल रहा था और 'अमित शर्मा' नाम से फर्जी पहचान पत्र बनाकर सूरत में छिपा हुआ था। गिरफ्तार कुख्यात भोला सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह बिहार पुलिस के रिकॉर्ड में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण और अवैध हथियार-विस्फोटक रखने जैसे 11 गंभीर मामलों में वांछित (वांटेड) था।

बाहुबली विधायक का कनेक्शन और बेउर जेल से अंडरवर्ल्ड के बदलते समीकरण

अंडरवर्ल्ड के गलियारों से मिली जानकारी के मुताबिक, विकास सिंह और भोला सिंह पूर्व में पटना की बेउर जेल में बंद रहकर भी अपने गिरोह का संचालन करते थे और उन्होंने बिहार के एक रसूखदार बाहुबली विधायक के इशारे पर कई बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था। हालांकि, बाद के दिनों में दोनों के संबंध बिगड़ गए थे और विकास सिंह ने अपनी राह अलग कर ली थी। लेकिन हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के बाद, जब भोला सिंह के संबंध वापस उस बाहुबली विधायक से सुधरे, तो अंडरवर्ल्ड में एक बार फिर विकास सिंह और भोला सिंह के बीच पैचअप (सुलह) के चर्चे तेज हो गए हैं।