Patna Teacher MLC Election: पटना शिक्षक MLC सीट पर RJD की जीत की आधिकारिक घोषणा, संजीव कुमार बोले- शिक्षकों ने नकार दी गाली-गलौज की भाषा

Patna Teacher MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी बड़ा सियासी झटका लगा है।...

Patna Teacher MLC Poll RJD Sanjeev Kumar Defeats BJP Yadav
पटना शिक्षक MLC सीट पर RJD की जीत की आधिकारिक घोषणा- फोटो : reporter

Patna Teacher MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी  बड़ा सियासी झटका लगा है। भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली पटना शिक्षक विधान परिषद सीट पर राष्ट्रीय जनता दल ने जीत का परचम लहराया है। राजद उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के निवर्तमान विधान पार्षद नवल किशोर यादव को 1,058 मतों के अंतर से शिकस्त दी। संजीव कुमार की जीत की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस नतीजे को बिहार की सियासत में राजद के लिए अहम कामयाबी माना जा रहा है।

संजीव कुमार बोले- शिक्षकों ने नकार दी गाली-गलौज की भाषा

जीत की घोषणा के बाद डॉ. संजीव कुमार ने न्यूज4नेशन से बातचीत में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नवल किशोर यादव का कोई ऐसा मजबूत किला नहीं था, जिसे भेदा नहीं जा सकता था। उनके मुताबिक, अब तक उनके सामने मजबूत उम्मीदवार नहीं होने के कारण वे चुनाव जीतते आ रहे थे। लेकिन इस बार उनके सामने मजबूत प्रत्याशी आया, तो उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

संजीव कुमार ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उनके और उनके पिता के खिलाफ टिप्पणियां की गईं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को लेकर भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। संजीव कुमार के मुताबिक, शिक्षक समाज ने इस तरह की भाषा और व्यवहार को नकारते हुए अपना फैसला सुनाया है। उनकी जीत को शिक्षक समुदाय के समर्थन और बदलाव की इच्छा से जोड़कर देखा जा रहा है।

11,720 मतदाताओं वाली सीट पर हुआ मुकाबला

पटना शिक्षक एमएलसी सीट के अंतर्गत पटना, नवादा और नालंदा जिले के इलाके आते हैं। इस सीट पर कुल 11,720 मतदाता पंजीकृत थे। 23 अक्टूबर को हुए मतदान में 8,758 शिक्षकों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके बाद मंगलवार को हुई मतगणना में मतों की छंटनी और गिनती की प्रक्रिया पूरी की गई।

मतगणना के दौरान 2,658 वोट खारिज कर दिए गए, जबकि 8,490 मत वैध पाए गए। चुनाव आयोग की ओर से जीत के लिए 4,246 मतों का कोटा निर्धारित किया गया था। राजद उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार ने 4,487 वोट हासिल कर जीत का निर्धारित आंकड़ा पार कर लिया। इसके साथ ही उनकी जीत पर आधिकारिक मुहर लग गई।

भाजपा के लिए बड़ा झटका, राजद में उत्साह

पटना शिक्षक सीट पर भाजपा की हार को पार्टी के लिए अहम राजनीतिक झटका माना जा रहा है। वहीं, राजद खेमे में इस जीत से उत्साह है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में आए इस नतीजे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि शिक्षक मतदाता अपने प्रतिनिधियों से किस तरह की भाषा, व्यवहार और कामकाज की उम्मीद रखते हैं।डॉ. संजीव कुमार की जीत के बाद अब शिक्षकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनके लिए अहम चुनौती होगी। फिलहाल, पटना शिक्षक एमएलसी सीट का यह नतीजा बिहार की राजनीतिक चर्चा में प्रमुख स्थान हासिल कर चुका है।
रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह