पटना में छिनतई कर ससुराल में छुपाता था माल, STF की छापेमारी में खुला आर्यन की 'लव और लूट' का राज!
टना के दीघा में महिला के गले से सोने की चेन झपटकर भागने वाला आरोपी आर्यन कुमार लूटा हुआ सामान अपने ससुराल में छिपाता था। बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस ने कटिहार के राटौरा स्थित उसके ससुराल में दबिश देकर चेन तो बरामद कर ली है, लेकिन आरोपी फरार है।
पटना में छिनतई की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी आर्यन कुमार को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी वारदात के बाद लूटा गया कीमती सामान कहीं और नहीं, बल्कि अपने ससुराल में छिपाता था। इसका खुलासा तब हुआ जब बिहार एसटीएफ (STF) की विशेष टीम ने जिला पुलिस के सहयोग से कटिहार जिले में स्थित उसके ससुराल में छापेमारी की। पुलिस ने वहां से छिनतई की गई सोने की चेन बरामद कर ली है, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा।
झाड़ू लगाने के दौरान महिला से हुई थी छिनतई
यह पूरा मामला पटना के दीघा थाना क्षेत्र का है, जहाँ बीती 12 जून को इस वारदात को अंजाम दिया गया था। जयप्रकाश नगर की रहने वाली मीरा देवी अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं, इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनके गले से करीब 1.5 भर वजन की सोने की चेन झपट ली थी। इस संबंध में पीड़िता द्वारा दीघा थाने में मामला दर्ज कराया गया था, जिसके बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई शातिर की पहचान
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान आर्यन कुमार के रूप में की। पहचान सुनिश्चित होने के बाद एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रैक की, जिससे पता चला कि वह कटिहार के राटौरा स्थित अपने ससुराल में छुपा हुआ है।
माल बरामद, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम कटिहार स्थित ससुराल पहुंची, तो भनक लगते ही आरोपी आर्यन कुमार मौके से फरार हो गया। हालांकि, घर की तलाशी लेने पर पुलिस ने लूटी गई सोने की चेन को सकुशल बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस और एसटीएफ की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार