पटना में 'तालिबानी' बहू: सास की आँखों और गुप्तांगों में भरी मिर्च, बेलन से पीट-पीटकर कर दी हत्या!
पटना के फुलवारीशरीफ से आई यह खबर रोंगटे खड़े कर देने वाली और मानवता को शर्मसार करने वाली है। एक बहू ने जिस क्रूरता के साथ अपनी सास की हत्या की, उसने समाज में रिश्तों की मर्यादा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
Patna - पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक ऐसी वारदात हुई है, जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। यहाँ गुलफशा नाम की महिला ने अपनी सास शाबरा खातून की महज मामूली घरेलू विवाद में ऐसी बेरहमी से हत्या की कि पुलिस भी दंग रह गई। बताया जा रहा है कि सास अक्सर बहू के खराब व्यवहार की शिकायत अपने बेटे से करती थी, जिससे खुन्नस खाकर बहू ने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।
मिर्च पाउडर और बेलन से दी तालिबानी सजा
वारदात के दिन बहू ने सास को बहाने से कमरे में बुलाया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसने सास के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह चिल्ला न सकें। फिर बहू ने सास के पूरे शरीर, आँखों और यहाँ तक कि गुप्तांगों में भी मिर्च पाउडर डाल दिया। जलन से तड़पती वृद्ध महिला को उसने बेलन से तब तक पीटा जब तक वे अधमरी नहीं हो गईं। इसके बाद वह बच्चों को लेकर घर से फरार हो गई।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
घटना की जानकारी जब मृतका की बड़ी बेटी तमन्ना और नातिन को हुई, तो वे आनन-फानन में शाबरा खातून को लहूलुहान और जलन से तड़पती हालत में अस्पताल ले गईं। एक दिन तक मौत से जंग लड़ने के बाद, जब उन्हें एम्स (AIIMS) ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।
पुलिस की छापेमारी और FSL की जांच
फुलवारीशरीफ थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है। मौके पर FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार बहू गुलफशा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इलाके के लोग बहू की इस बर्बरता को लेकर स्तब्ध और आक्रोशित हैं।
Report - anil kumar