Patna Crime News: पालीगंज में 3 साल की मासूम से दरिंदगी, मुख्य आरोपी और उसकी मामी गिरफ्तार

पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म (Rape) किया गया है।पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मनजीत कुमार उर्फ पियूष धराया।

Paliganj Rape Case
पालीगंज में 3 साल की मासूम से दरिंदगी- फोटो : news 4 nation

पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। इस जघन्य अपराध में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मनजीत कुमार उर्फ पियूष को गिरफ्तार करने के बाद, उसकी मामी किरण देवी को भी मंगलवार देर रात हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी सोमवार को एक शादी समारोह में शामिल होने अपनी नानी के घर आया था, जहाँ उसने इस वारदात को अंजाम दिया।


हत्या की रची गई थी साजिश, मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि

पुलिस जांच और पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दुष्कर्म के बाद आरोपी मनजीत और उसकी मामी किरण देवी ने मिलकर बच्ची को जान से मारने की योजना भी बनाई थी। हालांकि, ग्रामीणों और परिजनों के मौके पर पहुँचने की भनक लगते ही दोनों वहाँ से फरार हो गए। पुलिस को मासूम बच्ची अचेत और घायल अवस्था में मिली। अस्पताल में कराई गई चिकित्सीय जांच में मासूम के साथ हुई दरिंदगी की पुष्टि हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।


पुराना अपराधी निकला मनजीत, जेल से छूटते ही की हैवानियत

मुख्य आरोपी मनजीत कुमार का आपराधिक इतिहास समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। वह पहले भी बाल यौन शोषण के एक मामले में विक्रम थाना क्षेत्र से जेल जा चुका है। कुछ महीने पहले ही जेल से रिहा होने के बाद उसने दोबारा इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। थाना प्रभारी सुमन कुमार के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के दौरान उसकी मामी की संलिप्तता भी उजागर हुई, जिसके बाद स्पष्ट हुआ कि इस पूरे षड्यंत्र और घटना में दोनों बराबर के भागीदार थे।


इलाके में भारी आक्रोश, पुलिस की कड़ी कार्रवाई जारी

इस घटना के बाद से पूरे पालीगंज क्षेत्र में स्थानीय लोगों के बीच भारी गुस्सा और आक्रोश व्याप्त है। फिलहाल पीड़ित बच्ची अस्पताल में उपचाराधीन है और डॉक्टर उसके स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था। पुलिस दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए ठोस कानूनी साक्ष्य जुटा रही है।