पटना नगर निगम का 3043 करोड़ का 'सुपर बजट': हर वार्ड को 1 करोड़ और मॉल-पार्किंग की सौगात, बदलेगी शहर की सूरत

पटना नगर निगम का 3043 करोड़ का बजट पास! नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने की हर वार्ड के लिए 1 करोड़ की घोषणा। जानें मॉल, पार्किंग और सफाई व्यवस्था को लेकर क्या है पटना का नया मास्टर प्लान।

पटना नगर निगम का 3043 करोड़ का 'सुपर बजट': हर वार्ड को 1 करो

Patna - पटना नगर निगम ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपना विकासोन्मुख बजट पेश कर दिया है। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने पटना की सूरत बदलने के लिए 3043 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट की घोषणा की है। इस बजट में शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, सफाई और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है।

राजधानी पटना को एक स्मार्ट और सुविधायुक्त शहर बनाने की दिशा में पटना नगर निगम ने अपना वार्षिक बजट पेश कर दिया है। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने 'न्यूज 4 नेशन' से खास बातचीत में बताया कि इस बार का बजट पटना के नागरिकों की 'ईज ऑफ लिविंग' (सुगम जीवन) को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 की धारा 82 के तहत पेश यह बजट पटना के सर्वांगीण विकास का रोडमैप है।


हर पार्षद को 1 करोड़: वार्ड स्तर पर होगा विकास

इस बजट की सबसे बड़ी घोषणा पार्षदों के लिए है। शहर के हर वार्ड के विकास के लिए प्रत्येक पार्षद को 1 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। नगर आयुक्त ने कहा कि पार्षदों के महत्वपूर्ण सुझावों को बजट में शामिल किया गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर नालियों, गलियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा सके।

इंफ्रास्ट्रक्चर और राजस्व पर जोर: बनेंगे नए मॉल

बजट में निगम की आय बढ़ाने के लिए नवाचारी कदम उठाए गए हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि निगम की खाली पड़ी जमीनों पर आधुनिक मॉल और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रावधान है। इससे न केवल शहर का सौंदर्यीकरण होगा, बल्कि निगम के आंतरिक संसाधनों और रेवेन्यू कलेक्शन में भी भारी वृद्धि होगी।

पैदल यात्रियों और सफाई व्यवस्था के लिए विशेष योजना

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बजट की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा - 

  • सफाई व्यवस्था: शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए 'नाइट स्वीपिंग' (रात में सफाई) को और मजबूत किया जाएगा।

  • लैंडस्केपिंग: सड़कों के किनारे खाली जगहों और मीडियन पर बड़े पैमाने पर प्लांटेशन कर 'सिटी लैंडस्केप प्लान' तैयार किया जाएगा।

  • वेस्ट टू एनर्जी: रामचक बैरिया स्थित वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट के काम में तेजी लाई जाएगी ताकि कचरे से बिजली उत्पादन शुरू हो सके।

  • स्ट्रीट लाइट और घाट: शहर में स्ट्रीट लाइटों की संख्या बढ़ाई जाएगी और छठ घाटों व श्मशान घाटों पर सुविधाओं का आधुनिकीकरण होगा।


  • सात निश्चय फेज-3 के अनुरूप बजट

यह बजट राज्य सरकार के 'सात निश्चय फेज-3' के लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसमें वेंडिंग जोन का व्यवस्थित निर्माण और शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त करने (डिकंजेशन) के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। नगर आयुक्त ने विश्वास जताया कि इस बजट के क्रियान्वयन से पटना एक नई ऊंचाई पर पहुंचेगा।

रिपोर्ट - वंदना शर्मा