बिहार पुलिस परीक्षा के दौरान पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुई हिंसा के बाद पटना जंक्शन हाई अलर्ट, चप्पे चप्पे पर RPF-GRP की निगरानी

पटना के प्रमुख स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं स्टेशन परिसर की निगरानी कर रहे हैं। परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों की भी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है

 Pataliputra Station Violence
Pataliputra Station Violence- फोटो : news4nation

Pataliputra Station Violence : बिहार पुलिस अधीनस्थ मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हुए हंगामे के बाद रविवार को राजधानी पटना के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है  खासकर पटना जंक्शन को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जहां आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पटना जंक्शन के सभी प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। आरपीएफ और जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं स्टेशन परिसर की निगरानी कर रहे हैं। परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों की भी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। गौरतलब है कि बिहार में 4,128 पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा में 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के लिए राज्यभर में 500 केंद्र बनाए गए हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न जिलों से आने-जाने के कारण रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।


जमकर काटा बवाल 

शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, जब सीमांचल क्षेत्र के किशनगंज, पूर्णिया, अररिया और कटिहार समेत अन्य जिलों में जाने वाले अभ्यर्थियों ने पर्याप्त ट्रेन सुविधा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर लिया। इस दौरान कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ और रेलवे संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया।


आंसू गैस के गोले छोड़े 

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। प्रशासन की ओर से आंसू गैस के गोले छोड़े गए और हल्का बल प्रयोग भी किया गया। हंगामे के दौरान बड़े पैमाने पर पथराव की भी सूचना मिली, जिसमें रेल आईजी जितेंद्र राणा के घायल होने की खबर सामने आई। घटना के बाद जीआरपी ने पाटलिपुत्र थाने में 500 अज्ञात लोगों और 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान में जुटी है।


परीक्षा स्पेशल ट्रेन 

उधर, अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने कई परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के जरिए अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पटना जंक्शन समेत अन्य प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल को तैयार रखा गया है।