Patna Dussehra:पटना में रावण वध का महा-आयोजन! 90 फीट का दशानन ठहाके लगाकर आंखों से बरसाएगा अंगारे, कुंभकर्ण-मेघनाद ऐसे दिखाएंगे दम

Patna Dussehra:पटना के गांधी मैदान में विजयादशमी पर इस बार बुराई के प्रतीक रावण का दहन पहले से कहीं ज्यादा भव्य और रोमांचक होने जा रहा है। ...

Patna Dussehra
दशानन ठहाके लगाकर आंखों से बरसाएगा अंगारे- फोटो : X

Patna Dussehra:पटना के गांधी मैदान में विजयादशमी पर इस बार बुराई के प्रतीक रावण का दहन पहले से कहीं ज्यादा भव्य और रोमांचक होने जा रहा है। 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले रावण वध समारोह में पहली बार 90 फीट ऊंचा रावण का पुतला आकर्षण का केंद्र बनेगा। खास बात यह होगी कि लंकापति रावण केवल आग की लपटों में घिरा पुतला नहीं, बल्कि लाइट एंड साउंड इफेक्ट्स के जरिए अट्टहास करता नजर आएगा। उसकी आंखों से अंगारे बरसेंगे, मुंह से शोले निकलेंगे और कानों व कंधों से रंगीन धुआं निकलेगा। इस नजारे को देखने के लिए गांधी मैदान में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।

90 फीट का दशानन, कुंभकर्ण-मेघनाद भी दिखाएंगे दम

इस बार रावण का पुतला 90 फीट ऊंचा होगा, जबकि कुंभकर्ण 85 फीट और मेघनाद 80 फीट के विशाल पुतलों के रूप में नजर आएंगे। पिछले साल रावण 80 फीट, कुंभकर्ण 75 फीट और मेघनाद 70 फीट ऊंचे थे। यानी इस बार तीनों पुतलों की ऊंचाई में 10-10 फीट की बढ़ोतरी की गई है। तीनों को विशेष रूप से तैयार राजस्थानी परिधान पहनाए जा रहे हैं, जिससे उनका रूप शाही और भव्य दिखाई देगा।

राम की शोभायात्रा से शुरू होगा विजयादशमी का उत्सव

श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट की ओर से आयोजित समारोह की जानकारी शनिवार को प्रेस वार्ता में अध्यक्ष अरुण कुमार और चेयरमैन कमल नोपानी ने दी। कार्यक्रम के मुताबिक, दोपहर दो बजे नागाबाबा ठाकुरबाड़ी से प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकलेगी। इसमें भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और वानर सेना की झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा शाम चार बजे तक गांधी मैदान पहुंचेगी। इसके बाद अशोक वाटिका प्रसंग और लंका दहन की सजीव प्रस्तुति होगी। अंत में बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।

आंधी-बारिश भी नहीं बिगाड़ पाएगी तैयारी

विशाल पुतलों को मजबूती देने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। आगरा से आए कारीगर मोहम्मद सलीम के मुताबिक, पुतलों को सहारा देने के लिए 60-60 फीट की लोहे की सीढ़ियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि तेज आंधी और बारिश में भी उनकी संरचना सुरक्षित रहे। पुतलों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और सोमवार तक गांधी मैदान में खड़ा करने की तैयारी है। ट्रस्ट के महासचिव प्रिंस कुमार राजू समेत सुषमा सहाय, सुजय सौरभ, गोपाल कृष्ण, आशु गुप्ता और राजेश बजाज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस बार भव्य पुतलों, राजस्थानी वेशभूषा और अत्याधुनिक ध्वनि-प्रकाश प्रभावों के साथ पटना का दशहरा समारोह दर्शकों के लिए खास आकर्षण बनने की तैयारी में है।