Patna Crime:राजधानी पटना में चोरों का तांडव, सूने घर से सोने-चांदी के गहने और नगद लेकर फरार

टना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र में चोरों ने एक रेलवे अधिकारी (TI) के बंद घर को निशाना बनाकर करीब 10 लाख की संपत्ति चोरी कर ली। परिवार शादी में गया था, तभी चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

Patna Crime:राजधानी पटना में चोरों का तांडव, सूने घर से सोने
राजधानी पटना में चोरों का तांडव,- फोटो : news 4 nation

राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत दाऊदबीघा इलाके में चोरों ने एक सूने घर को अपना निशाना बनाया। रेलवे में टीआई (TI) के पद पर तैनात विनोद कुमार सिन्हा का परिवार अपनी ननद के घर आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। महज चार घंटों के लिए घर को बंद देख चोरों ने इस सुनियोजित चोरी को अंजाम दिया। जब परिवार वापस लौटा, तो घर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।


10 लाख की संपत्ति और नगद पर साफ किया हाथ

विनोद कुमार सिन्हा की पत्नी रीता देवी ने बताया कि चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में रखे गोदरेज और अलमारी के ताले तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के कीमती जेवरात और 20 हजार रुपये नगद सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिससे यह स्पष्ट है कि चोरों ने काफी इत्मीनान से कीमती सामानों की तलाश की थी।


अगमकुआं पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही अगमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। रेलवे अधिकारी के घर हुई इस बड़ी चोरी के बाद इलाके के स्थानीय निवासियों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।


जल्द गिरफ्तारी का पुलिस ने दिया भरोसा

पटना सिटी डीएसपी राजकिशोर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला बेहद गंभीर है और पुलिस इसकी गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम काम कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया जाएगा।

रिपोर्ट - रजनीश कुमार