पटना में होली पर सुरक्षा के दावे फेल - रिटायर्ड कर्नल समेत 3 फ्लैटों के टूटे ताले, करोड़ों के जेवर और लाखों कैश ले उड़े चोर
पटना के कंकड़बाग इलाके में होली की खुशियों के बीच चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पीसी कॉलोनी स्थित एक अपार्टमेंट में रिटायर्ड कर्नल सहित तीन बंद फ्लैटों के ताले तोड़कर चोरों ने करोड़ों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है।
Patna : राजधानी पटना में बेखौफ चोरों ने पुलिसिया गश्त के दावों की पोल खोल दी है। कंकड़बाग थाना क्षेत्र के पीसी कॉलोनी में होली की छुट्टी का फायदा उठाकर चोरों ने एक साथ तीन बंद फ्लैटों को निशाना बनाया। चोरों ने रिटायर्ड कर्नल और डॉक्टर के घर से करोड़ों के गहने और भारी नकदी पार कर दी है।
होली मनाने घर गए थे परिवार, पीछे से हो गया खेल
जानकारी के अनुसार, पीसी कॉलोनी स्थित इस मकान के तीनों परिवारों के सदस्य होली का त्योहार मनाने अपने पैतृक गांव गए हुए थे। मकान पूरी तरह बंद था, जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने रेकी की और एक के बाद एक तीन फ्लैटों के ताले चटका दिए। घटना की जानकारी तब हुई जब पड़ोसियों और मकान मालिक को चोरी का अहसास हुआ।
रिटायर्ड कर्नल और डॉक्टर के घर को बनाया निशाना
जिन फ्लैटों में भीषण चोरी हुई है, उनमें भारतीय सेना के रिटायर्ड कर्नल जनार्दन सिंह का फ्लैट शामिल है। इनके अलावा उनके किरायेदार और प्रसिद्ध गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉक्टर अभिषेक के फ्लैट में भी चोरों ने जमकर लूटपाट की। तीसरा फ्लैट जहानाबाद के रहने वाले एक अन्य किरायेदार का बताया जा रहा है।
करोड़ों के गहने और लाखों की नकदी पर साफ किया हाथ

पीड़ित परिवारों के अनुसार, चोरों ने घर के अलमारी और लॉकर तोड़कर करोड़ों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और लाखों रुपये नकद बटोर लिए। तीनों फ्लैटों को मिलाकर चोरी गई संपत्ति का आंकड़ा करोड़ों में बताया जा रहा है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सीसीटीवी में कैद हुए तीन संदिग्ध नकाबपोश
घटना की सूचना मिलते ही कंकड़बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान तीन संदिग्ध युवक मकान में आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी टीम की मदद ली जा रही है।
पुलिस का जल्द खुलासे का दावा
कंकड़बाग पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों को भी खंगाल रही है ताकि चोरों के भागने के रास्ते का पता चल सके। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही गिरोह की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट: अनिल, पटना