Patna News: BJP-कांग्रेस संघर्ष के बाद कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू समेत एक दर्जन नेताओं के नाम FIR में, राजनीतिक विवाद गहराया
Patna News: पटना में भाजपा के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया गया है। भाजपा का दावा है कि कई कार्यकर्ता और नेता घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
Patna News: भाजपा पटना महानगर के जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि 22 जुलाई 2026 को पटना सदर अनुमंडलाधिकारी से प्राप्त अनुमति के आधार पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा कुर्जी गोल रोड से सदाकत आश्रम तक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। यह प्रदर्शन दोपहर 1 बजे से 4 बजे के बीच होना था और लगभग 2 बजे भाजपा के कार्यकर्ता, विधायक और विधान पार्षद इसमें शामिल होकर आगे बढ़ रहे थे।
भाजपा की ओर से कहा गया है कि जब प्रदर्शनकारी सदाकत आश्रम के पास पहुंचे तब आश्रम के अंदर और बाहर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में ईंट, पत्थर, लाठी, डंडे और लोहे की रॉड थीं। भाजपा का कहना है कि यह हमला जानलेवा था और इसमें कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए कुर्जी स्थित होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया गया। भाजपा के अनुसार गंभीर रूप से घायल होने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष बलराम मंडल, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, उपेन्द्र कुमार सिंह और भोलु कुमार शामिल हैं।
साजिश के तहत किया गया काम
भाजपा ने आरोप लगाया है कि यह हमला पहले से बनाई गई साजिश के तहत किया गया। शिकायत में कांग्रेस से जुड़े कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल किए गए हैं। इनमें कृष्ण अल्लावेरू, मनीष कुमार यादव, अमित कुमार टुन्ना, अमर आजाद, प्रेमचन्द्र सिंह, अमर प्रकाश, नितेश सिंह, नारायण, भोला यादव, अभिषेक रंजन, साश्वत शेखर और शशांक शेखर के नाम बताए गए हैं। इसके अलावा कई अन्य लोगों के भी शामिल होने का आरोप लगाया गया है। भाजपा की ओर से प्रशासन से मांग की गई है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाए और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि घायल लोगों को न्याय मिल सके।
पटना से कुलदीप की रिपोर्ट