पटना सिविल कोर्ट सुरक्षा चूक मामला: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी पृथ्वी राज चौहान गिरफ्तार

Bihar News : पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बीते जनवरी माह में पटना सिविल कोर्ट परिसर में हथियार के साथ घुसने की कोशिश करने वाले दूसरे फरार अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है...

पटना सिविल कोर्ट सुरक्षा चूक मामला: पुलिस की बड़ी कार्रवाई,
कोर्ट परिसर से फरार अपराधी गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले पटना सिविल कोर्ट परिसर में हथियार के साथ घुसने की कोशिश करने वाले दूसरे अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पृथ्वी राज चौहान के रूप में हुई है, जो वारदात के दिन पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा था। फिलहाल पुलिस उसे पीरबहोर थाने में रखकर सघन पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरी साजिश की तह तक पहुँचा जा सके।


सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी से टला था बड़ा कांड 

बता दें यह मामला बीते 28 जनवरी 2026 का है, जब कोर्ट परिसर में दो अपराधियों ने घुसने का प्रयास किया था। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने जांच के दौरान पीयूष कुमार नामक एक शूटर को 1 पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था। उसी दौरान पृथ्वी राज चौहान वहां से फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।


हत्या की नीयत से आए थे 'सुपारी किलर' 

गिरफ्तार अपराधियों के पास से जिस तरह के हथियार बरामद हुए हैं, उससे साफ है कि वे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने आए थे। सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी एक पेशेवर शूटर है और वह कोर्ट में पेशी के लिए आने वाले किसी खास आरोपित की हत्या करने के उद्देश्य से अपने साथी के साथ पहुँचा था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इन शूटरों को किसने सुपारी दी थी।


पीरबहोर थाने में चल रही पूछताछ 

फरार अभियुक्त पृथ्वी राज चौहान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसके पास से घटना और उसके पीछे के मास्टरमाइंड के बारे में कई अहम सुराग मिल सकते हैं। इस मामले में पुलिस के वरीय अधिकारी खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं, क्योंकि कोर्ट परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर हथियार लेकर पहुँचना सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है।


कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त 

इस घटना के बाद से ही पटना सिविल कोर्ट की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाए गए हैं। कोर्ट के प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर और पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी गई है। वकीलों और वादियों की सघन तलाशी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पृथ्वी राज की गिरफ्तारी के बाद अब इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश जल्द ही कर दिया जाएगा।


पुलिस की जाँच जारीगिरोह के नेटवर्क पर नजर 

फिलहाल गिरफ्तार पृथ्वी राज चौहान से पीरबहोर थाने में पुलिस की पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हत्याकांड की साजिश के पीछे और कौन-कौन से मास्टरमाइंड शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से राजधानी में सक्रिय शूटरों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पकड़े गए दोनों अपराधियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।


अनिल की रिपोर्ट