पटनासिटी के सहयोग शिविर में आई कम अनाज मिलने की सबसे ज्यादा शिकायतें, एमओ ने दी कार्रवाई की चेतावनी

पटनासिटी के सहयोग शिविर में आई कम अनाज मिलने की सबसे ज्यादा
पटनासिटी के सहयोग शिविर में पहुंची मेयर सीता साहू- फोटो : रजनीश

Patna : पटना नगर निगम की पहल पर 'सबका सम्मान जीवन आसान' निश्चय के तहत जन समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को आयोजित होने वाले क्रम में आज पटनासिटी के वार्ड नंबर 72 स्थित नूरपुर सामुदायिक भवन में सहयोग शिविर लगाया गया। इस शिविर में पटना मेयर सीता साहू और वार्ड 72 की निगम पार्षद संध्या यादव विशेष रूप से उपस्थित रहीं।


राशन डीलरों द्वारा कम अनाज देने पर महिलाओं का हंगामा

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे, जिसमें महिलाओं की मौजूदगी सबसे अधिक रही। महिलाओं ने राशन डीलरों की मनमानी और कम अनाज देने को लेकर जमकर शिकायतें दर्ज कराईं। रिंकू देवी, मालती देवी, सुनीता देवी और रीना देवी जैसी महिलाओं ने बताया कि वार्ड नंबर 72 के राशन डीलर मुन्ना प्रसाद यादव उर्फ मुन्नू जी द्वारा प्रति यूनिट राशन में भारी कटौती की जा रही है, जहां चार यूनिट पर 20 किलो अनाज मिलना चाहिए, वहां कम दिया जा रहा है।


मार्केटिंग ऑफिसर का स्पष्ट निर्देश—होगी सख्त कार्रवाई

शिविर के समापन के करीब पहुंचने पर मार्केटिंग ऑफिसर समा फरोज मौके पर पहुंचीं। जब उनसे राशन डीलरों की इस मनमानी और कटौती को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में आश्वासन दिया कि जो भी डीलर इस तरह की अनियमितता में लिप्त मिलेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


कई विभागों के अधिकारी रहे अनुपस्थित, ऊर्जा विभाग की भी शिकायतें

इस शिविर में कुल 8 विभागों के स्टॉल लगाए जाने थे, लेकिन राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा दुग्ध, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी नदारद रहे, जिसके कारण लोग अपनी उन समस्याओं से जुड़े मामलों को आगे नहीं बढ़ा सके। राशन डीलरों के बाद शिविर में सबसे ज्यादा शिकायतें ऊर्जा विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं। निगम पार्षद संध्या यादव ने बताया कि डीलरों के विरुद्ध आई सबसे बड़ी शिकायतों से उच्च विभाग को अवगत करा दिया गया है।


रजनीश की रिपोर्ट