बिहार पुलिस की अनूठी पहल: बिक्रम में 'पुलिस दीदी' ने छात्राओं को सिखाए साइबर सुरक्षा व आत्मरक्षा के गुण,दिया इमरजेंसी नंबर

बिहार पुलिस का 'पुलिस दीदी अभियान' बिक्रम में छात्राओं को दिए गए सुरक्षा और आत्मरक्षा के गुर कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर गुड़िया कुमारी और थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने छात्राओं को छेड़खानी, घरेलू हिंसा,साइबर अपराधों से बचाव और आत्मरक्षा के तरीके बताए

Patna bikram police didi campaign

पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र स्थित मदनधारी बालिका उच्च विद्यालय में सोमवार को बिहार पुलिस के 'पुलिस दीदी अभियान' के तहत छात्राओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनकी सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष प्रभात कुमार और सब इंस्पेक्टर गुड़िया कुमारी ने बताया कि बिहार पुलिस महानिदेशक और अपराध अनुसंधान विभाग के मार्गदर्शन में महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।


हिंसा और प्रताड़ना के खिलाफ चुप न रहने की अपील

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बलात्कार, अपहरण, छेड़खानी और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर अपराधों पर डरकर चुप रहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि ऐसी किसी भी स्थिति में वे तुरंत पुलिस, 'पुलिस दीदी', डायल-112 या अन्य आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। पुलिस टीम ने भरोसा दिलाया कि संकट की स्थिति में पीड़िताओं की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखते हुए उन्हें हरसंभव त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी।


आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के टिप्स

जागरूकता सत्र के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपाय, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, साइबर अपराधों से बचाव और उनके कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने छात्राओं को मोबाइल का सीमित प्रयोग करने, किसी अनजान के बहकावे में न आने और एटीएम पिन जैसी गोपनीय पारिवारिक जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने छात्राओं को माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करते हुए सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।

छात्राओं का उत्साहजनक संवाद और ब्लैकबोर्ड पर दिया गया इमरजेंसी नंबर

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बेहद उत्साह के साथ भाग लिया और प्रश्नोत्तर सत्र में पुलिस अधिकारियों से अपनी शंकाओं का समाधान कराया। विद्यालय प्रशासन ने बिहार पुलिस की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर सब इंस्पेक्टर गुड़िया कुमारी ने ब्लैकबोर्ड पर अपना मोबाइल नंबर लिखा और सभी छात्राओं को उसे नोट करने को कहा, ताकि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में वे बिना किसी संकोच के सीधे संपर्क कर सकें।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट