बिहटा में इंजीनियरिंग छात्रा अनुपमा की संदिग्ध मौत; बंद कमरे में मिला शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

पटना के बिहटा (राघोपुर) में इंजीनियरिंग छात्रा अनुपमा कुमारी का शव बंद कमरे में मिला। औरंगाबाद की रहने वाली अनुपमा 3 साल से यहाँ रहकर पढ़ाई कर रही थी। पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी

Bihta Engineering Student Death
बिहटा इंजीनियरिंग छात्रा मौत- फोटो : news 4 nation

पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक किराए के मकान में रह रही इंजीनियरिंग छात्रा का शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना निवासी अशोक सिंह की पुत्री अनुपमा कुमारी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अनुपमा का कमरा कल दोपहर 12 बजे से ही बंद था। बार-बार फोन करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कमरे का ताला तोड़कर शव निकाला गया।

परिजनों का दावा: "बेटी बहादुर थी, वह आत्महत्या नहीं कर सकती" 

घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजनों में कोहराम मच गया है। अनुपमा के पिता अशोक सिंह ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि अनुपमा बहुत तेज और बहादुर लड़की थी और वह ऐसा आत्मघाती कदम नहीं उठा सकती। पिता ने बताया कि कल सुबह ही उसकी बात अपनी बड़ी बहन से हुई थी, तब सब कुछ सामान्य था। परिजनों ने पुलिस से इस मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की गुहार लगाई है।

पुलिस और FSL टीम की वैज्ञानिक जांच 

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहटा पुलिस ने पटना से एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। तकनीकी टीम मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड्स और अंतिम लोकेशन की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि पिछले 24 घंटों में उसकी किससे बात हुई थी। मकान मालिक राम अयोध्या सिंह के अनुसार, अनुपमा पिछले तीन सालों से यहाँ रहकर पढ़ाई कर रही थी और उसका स्वभाव काफी अच्छा था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज 

थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल इसे संदिग्ध मौत मानकर चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। पुलिस हर उस पहलू की जांच कर रही है जिससे छात्रा पर किसी तरह के मानसिक दबाव या बाहरी हस्तक्षेप का संकेत मिल सके। फिलहाल पुलिस को परिजनों के औपचारिक बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।