बिहार में पंचायत चुनाव कराने पर मंत्री दीपक प्रकाश का बड़ा ऐलान, परिसीमन को लेकर दूर किया कन्फ्यूजन
पिछला पंचायत चुनाव अगस्त से दिसंबर 2021 के बीच हुआ था। संविधान के अनुच्छेद 243E के अनुसार पंचायतों का कार्यकाल पहली बैठक की तारीख से पांच वर्ष का होता है। ऐसे में बिहार में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया 2026 के अंतिम महीनों में पूरी करना जरूरी है।
Bihar Panchayat Election : बिहार में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है। पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने गुरुवार को स्पष्ट कर दिया कि राज्य में पंचायत चुनाव परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कराए जाएंगे। हालांकि, परिसीमन का काम कब तक पूरा होगा और पंचायत चुनाव किस महीने में होंगे, इस बारे में उन्होंने कोई समय-सीमा नहीं बताई। मंत्री ने कहा कि फिलहाल परिसीमन की प्रक्रिया जारी है और इसके पूरा होने के बाद ही चुनाव का रास्ता साफ हो सकेगा।
पिछला पंचायत चुनाव अगस्त से दिसंबर 2021 के बीच हुआ था। संविधान के अनुच्छेद 243E के अनुसार पंचायतों का कार्यकाल पहली बैठक की तारीख से पांच वर्ष का होता है। ऐसे में बिहार में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया 2026 के अंतिम महीनों में पूरी करना जरूरी है। नए निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल इसके बाद शुरू होगा। लेकिन अब परिसीमन के बाद चुनाव कराने की घोषणा के बाद पंचायत चुनाव 2027 में होने का अनुमान है।
इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पंचायत चुनाव को लेकर यही संकेत दे चुके हैं। सोमवार को पटना में आयोजित ‘ग्राम संसद-बिहार चैप्टर’ के ‘मुखिया संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतों के परिसीमन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके पूरा होने के बाद ही अगला पंचायत चुनाव कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि अगले वर्ष नगर निकायों के परिसीमन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पंचायत और शहरी निकाय क्षेत्रों का स्पष्ट निर्धारण हो सके। उन्होंने पंचायतों को लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कहा कि गांवों के विकास में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका बेहद अहम है।
पंचायतों को मिलेगा तकनीकी सहयोग
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पंचायतों में विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए पंचायती राज विभाग में इंजीनियरिंग सेल विकसित करने की बात भी कही थी। इसके माध्यम से मुखिया और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को विकास कार्यों के लिए तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इससे योजनाओं को धरातल पर उतारने में आने वाली तकनीकी दिक्कतों को दूर करने में मदद मिलेगी।
मतदाता सूची दुरुस्त करने की भी तैयारी
इधर, आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की कवायद भी तेज हो गई है। चुनाव में कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और मौजूदा प्रविष्टियों के सत्यापन पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत मृत, विस्थापित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पहचान कर सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
फिलहाल पंचायत चुनाव की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। परिसीमन पूरा होने और चुनावी तैयारियों के अगले चरण के बाद ही चुनाव कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।