राज्यसभा चुनाव में राजद को ओवैसी का समर्थन ! अख्तरुल इमान ने तेजस्वी यादव से की मुलाकात, ऐसे जीतेंगे एडी सिंह
राजद के एडी सिंह की जीत के लिए आईएमआईएम के 5 और बसपा 1 विधायक के समर्थन के बाद ही चुनाव जीतने के लिए 41 विधयाकों का संख्या बल पूरा होगा.
Bihar News : बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। सत्तारूढ़ एनडीए ने सभी पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि विपक्ष की ओर से तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लालू यादव की पार्टी राजद ने वरिष्ठ नेता एडी सिंह को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में 16 मार्च को होने वाले मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा कि राज्यसभा की पांचों सीटों पर कौन विजयी होगा। एनडीए की ओर से पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें नीतीश कुमार, राम नाथ ठाकुर (जदयू), नितिन नबीन और शिवेश कुमार भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ उपेंद्र कुशवाहा (राष्ट्रीय लोक मोर्चा) शामिल हैं।
243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में बहुमत के आधार पर राज्यसभा चुनाव का गणित तय होगा। राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए 41 विधायकों का समर्थन जरूरी माना जा रहा है। वर्तमान में एनडीए के पास चार सीटों के लिए स्पष्ट बहुमत है, जबकि पांचवी सीट के लिए 3 विधायक कम पड़ रहे हैं। वहीं विपक्षी खेमे की संख्या अपेक्षाकृत कम है। विपक्षी गठबंधन में राजद के 25, कांग्रेस के 6, वाम दलों के 3 और आईपीपी के 1 विधायक को मिलाकर कुल 35 विधायक होते हैं।
ऐसे में विपक्ष को अतिरिक्त समर्थन की जरूरत है। इसी क्रम में बुधवार को All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen यानी एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने पटना में तेजस्वी यादव के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि एआईएमआईएम के पांच और बसपा के एक विधायक का समर्थन मिलने पर विपक्ष का आंकड़ा 41 तक पहुंच सकता है।
राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि यदि एआईएमआईएम का समर्थन राजद उम्मीदवार एडी सिंह को मिल जाता है, तो राज्यसभा की पांचवीं सीट का मुकाबला काफी रोचक हो सकता है। इतना ही नहीं एडी सिंह की जीत भी आसान हो जाएगी।
रंजन की रिपोर्ट