Patna Coaching Dispute:फैजल खान उर्फ खान सर को आज भी कोर्ट से नहीं मिली राहत, अधूरी केस डायरी पर टली जमानत सुनवाई

Patna Coaching Dispute: पटना के चर्चित कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में फैजल खान उर्फ खान सर को फिलहाल अदालत से कोई राहत नहीं मिल सकी है।...

No Relief for Khan Sir Yet Bail Hearing Deferred Over Incomp
फैजल खान उर्फ खान सर को आज भी कोर्ट से नहीं मिली राहत- फोटो : reporter

Patna Coaching Dispute: पटना के चर्चित कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में फैजल खान उर्फ खान सर को फिलहाल अदालत से कोई राहत नहीं मिल सकी है। उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर गुरुवार को पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन केस डायरी अधूरी होने के कारण अदालत ने मामले की सुनवाई शनिवार तक के लिए टाल दी है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस की ओर से प्रस्तुत केस डायरी का अवलोकन किया। हालांकि कोर्ट ने पाया कि जांच से जुड़ी करंट और अपडेटेड केस डायरी अभी पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस पर अदालत ने स्पष्ट कहा कि मामले में प्रभावी सुनवाई के लिए पूरी और अद्यतन केस डायरी आवश्यक है। जब तक जांच की ताजा स्थिति से संबंधित दस्तावेज कोर्ट के समक्ष नहीं आते, तब तक जमानत याचिका पर अंतिम निर्णय लेना संभव नहीं होगा।

कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया है कि अगली सुनवाई से पहले पूरी करंट केस डायरी प्रस्तुत की जाए। इसके बाद ही खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर विस्तृत सुनवाई की जाएगी। ऐसे में खान सर की बेल पर फैसला फिलहाल टल गया है और अब शनिवार को होने वाली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिक गई हैं।

यह मामला पिछले कई दिनों से सुर्खियों में बना हुआ है। कोचिंग संचालक रौशन आनंद और खान सर के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। फायरिंग प्रकरण में दर्ज मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी कड़ी में फैजल खान ने गिरफ्तारी से बचाव के लिए अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी।आज की सुनवाई से बड़ी राहत की उम्मीद लगाए बैठे खान सर समर्थकों को फिलहाल इंतजार करना होगा। अब शनिवार को अदालत के समक्ष पूरी केस डायरी पेश होने के बाद ही यह तय होगा कि खान सर को अग्रिम जमानत मिलती है या नहीं। फिलहाल कानूनी लड़ाई जारी है और पूरे मामले पर शिक्षा जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक की नजर बनी हुई है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार