महा अष्टमी पर निशांत ने लिया माँ दुर्गा का आशीर्वाद, बिहार में नए सियासी सफर की शुरुआत का दिया संदेश
Nishant : निशांत कुमार की बढ़ती सियासी सक्रियता के बीच गुरुवार को उन्होंने राजधानी पटना के गर्दनीबाग काली मंदिर में पहुंचकर माता के दर्शन किए। नवरात्र के अष्टमी दिन मंदिर पहुंचे निशांत ने पूजा-अर्चना कर राज्य और देशवासियों की खुशहाली की कामना की। मंदिर से बाहर निकलते हुए निशांत कुमार ने कहा, “सबको नवरात्र की बधाई। आज अष्टमी है, मां का आशीर्वाद लेने आया हूं। बिहार और देश के सभी लोगों पर माता का आशीर्वाद बना रहे।” उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
निशांत कुमार की यह सार्वजनिक उपस्थिति ऐसे समय में हुई है जब उनकी सियासी भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हाल के दिनों में जनता दल (यूनाइटेड) के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें सक्रिय राजनीति में बड़ी भूमिका देने और भविष्य में मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनाने की मांग उठती रही है।
नीतीश कुमार के पुत्र होने के बावजूद अब तक निशांत राजनीति से दूरी बनाए हुए थे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी लगातार सार्वजनिक उपस्थिति और पार्टी कार्यक्रमों में भागीदारी ने इन अटकलों को और हवा दी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि निशांत सक्रिय रूप से राजनीति में कदम रखते हैं, तो बिहार की राजनीति में जदयू के भीतर एक नए नेतृत्व की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं। फिलहाल, उनके हर कदम पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।