शराबबंदी खत्म करने की मांग करने वाले बाहुबली अनंत सिंह को नीतीश के मंत्री की दो टूक, तेजस्वी पर खूब बरसे

मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में शराबबंदी को जिस उद्देश्य से लागू किया गया था वह सही दिशा में नहीं रहा। इस पर दिलीप जायसवाल ने बड़ा बयान दिया है.

दिलीप जायसवाल
दिलीप जायसवाल- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव इस समय केरल घूम रहे हैं और जब भी बिहार आते हैं तो अखबार और टीवी देखकर अपराध की बातें करने लगते हैं। मंत्री ने कहा कि 14 करोड़ की आबादी वाले बिहार में अगर कोई अपराध करता है तो वह बच नहीं सकता। कानून अपना काम कर रहा है और सरकार अपराध पर लगातार नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है। 


वहीं, नीतीश कुमार को लेकर उठ रहे सवालों पर दिलीप जायसवाल ने साफ कहा कि बिहार सरकार उनके निर्देशन में चल रही है और आगे भी चलती रहेगी। उन्होंने इस बात को खारिज किया कि भाजपा ने 2026 को लेकर कोई अलग रणनीति बनाई है। 


बयान से पहले फायदा देखें अनंत 

शराबबंदी कानून को खत्म करने की मांग उठाने वाले बाहुबली विधायक अनंत सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि यह अलग विषय है। किसी भी नेता को बयान देने से पहले यह भी देखना चाहिए कि शराबबंदी से समाज को क्या फायदे हुए हैं। दरअसल, एक दिन पहले ही मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में शराबबंदी को जिस उद्देश्य से लागू किया गया था वह सही दिशा में नहीं रहा। बड़ी संख्या में लोग शराबबंदी की आड़ में शराब तस्करी से जुड़ गए। वहीं सूखे नशे के कारण बिहार की एक पीढ़ी बर्बाद हो गई है । ऐसे में बिहार में शराबबंदी को खत्म करने पर विचार किया जाना चाहिए।


नालंदा भगदड़ में हुई कार्रवाई 

नालंदा में हुए भगदड़ हादसे पर मंत्री ने बताया कि पीड़ित परिवारों को चार घंटे के भीतर मुआवजे की राशि उनके खातों में भेज दी गई। साथ ही लापरवाही के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नरेंद्र मोदी ने भी प्रधानमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की है।