पहले महावीर मंदिर में पूजा, फिर केक काटकर पापा नीतीश का आशीर्वाद... ऐसे मनाया निशांत ने जन्मदिन

निशांत सोमवार को अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं. उन्होंने सबसे पहले पटना के महावीर मंदिर में पिता नीतीश कुमार के साथ पूजा की वहीं बाद में उनका केक काटकर जन्मदिन मनाने का फोटो आया.

Nishant Birthday
Nishant Birthday- फोटो : news4nation

Nishant Birthday : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोमवार, 20 जुलाई 2026 को अपना 45वां जन्मदिन धार्मिक आस्था और पारिवारिक स्नेह के साथ मनाया। जन्मदिन के अवसर पर वह अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान का आशीर्वाद लिया। 


पूजा के बाद निशांत कुमार ने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि भगवान की कृपा उन पर, उनके पिता, पूरे परिवार, बिहार की जनता और देशवासियों पर बनी रहे। जन्मदिन की शुरुआत उन्होंने धार्मिक आस्था के साथ की। इसके बाद निशांत कुमार बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे। सदन में उनके जन्मदिन का जिक्र करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्षी सदस्यों ने भी स्वास्थ्य मंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।


सदस्यों की शुभकामनाओं के बाद निशांत कुमार ने सदन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने जिस आत्मीयता के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि सदस्यों का यह स्नेह उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को और बेहतर तरीके से निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

अब्दुल बारी सिद्दीकी ने भी दी शुभकामनाएं

विपक्ष की ओर से राजद के विधान पार्षद अब्दुल बारी सिद्दीकी ने निशांत कुमार को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन में जनहित से जुड़े मुद्दे उठाता रहेगा। साथ ही उन्होंने निशांत कुमार से कहा कि सदन की बहस और राजनीतिक मतभेदों से प्रभावित हुए बिना उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। अब्दुल बारी सिद्दीकी ने निशांत कुमार के दीर्घायु होने की कामना की और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भेंट किया पुष्पगुच्छ

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी निशांत कुमार को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सत्ता पक्ष के कई नेताओं और विधायकों ने भी उन्हें बधाई दी।

परिवार के साथ काटा जन्मदिन का केक

दिनभर की व्यस्तताओं के बाद निशांत कुमार ने परिवार के सदस्यों के साथ जन्मदिन का केक काटा। इस अवसर पर उनके पिता नीतीश कुमार और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। निशांत कुमार ने पिता का आशीर्वाद लिया और जन्मदिन पर मिली शुभकामनाओं के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।