पटना में छात्रा ने लगाई फांसी, हॉस्टल में रहकर तैयारी करती थी लड़की, मचा हड़कंप
पटना में एक दिल दहलाने वाली घटना में हॉस्टल में रहकर तैयारी कर रही एक छात्रा का शव उसके कमरे से मिला है. शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है.
NEET Student in Patna : राजधानी पटना रहकर पढाई कर रही 17 वर्षीय छात्रा ने हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित राधे कृष्णा हॉस्टल की है। मृतका की पहचान समस्तीपुर निवासी श्रुति कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वर्ष 2024 से पटना में रहकर किसी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
मंगलवार को हॉस्टल के कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटना के बाद परिजनों और हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों के बीच शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
अनिल की रिपोर्ट