कभी ललन, कभी RCP, कभी सरकार…नीरज कुमार का अनंत सिंह पर डबल अटैक... गिनाई हत्याओं की लिस्ट

नीरज कुमार ने अनंत सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि कभी ललन सिंह पर फंसाने का आरोप लगाया जाता है, कभी आरसीबी, कभी लिपि सिंह और कभी सरकार को जिम्मेदार बताया जाता है।कोई किसी को नहीं फंसाता है, बल्कि आपका कर्म आपको फंसाता है।”

Neeraj Kumar vs Anant Singh
Neeraj Kumar vs Anant Singh- फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। गुरुवार को बाढ़ में चुनाव प्रचार के दौरान नीरज कुमार ने बिना नाम लिए अनंत सिंह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वर्ष 2019 में अनंत सिंह के आवास से एके-47 बरामद होने के मामले की याद दिलाते हुए कहा कि कोई किसी को नहीं फंसाता, बल्कि आदमी को उसका कर्म फंसाता है। इस दौरान उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मामलों का भी जिक्र किया और कहा कि वह डरने वाले नहीं, बल्कि अड़ने और लड़ने वाले हैं। 


नीरज कुमार के समर्थन में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री लेसी सिंह, दीपक प्रकाश, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत दर्जनों विधायक और विधान पार्षद मौजूद रहे। एनडीए नेताओं की इस लामबंदी को पटना स्नातक सीट पर अपनी ताकत दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।


‘कभी ललन सिंह, कभी सरकार जिम्मेदार’

नीरज कुमार ने अनंत सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि कभी ललन सिंह पर फंसाने का आरोप लगाया जाता है, कभी आरसीबी, कभी लिपि सिंह और कभी सरकार को जिम्मेदार बताया जाता है। उन्होंने कहा, “सच यह है कि कोई किसी को नहीं फंसाता है, बल्कि आपका कर्म आपको फंसाता है।”


उन्होंने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मुकदमों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सबूत दिए और उनके खिलाफ कोई मामला टिक नहीं पाया। नीरज ने कहा, “हम डरने वाले नहीं हैं। हम अड़ने और लड़ने वाले हैं। हम भूलते नहीं हैं। हम किसी को चुनौती नहीं देते, लेकिन सिर झुकाकर वोट नहीं मांगते। हमारी पूंजी कार्यकर्ता हैं।” 

बाढ़ में हुई हत्याओं का जिक्र कर साधा निशाना

नीरज कुमार ने बाढ़ इलाके में दशकों पहले हुई कई हत्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने अगवानपुर क्षेत्र में भोली सिंह, सुधीर सिंह, विजय सिंह, जयप्रकाश सिंह, तारिणी सिंह, बच्चू सिंह और अरविंद सिंह की हत्याओं का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि इन घटनाओं के लिए कौन जिम्मेदार था और साजिश में कौन लोग शामिल थे। उनके इस बयान को अनंत सिंह पर अप्रत्यक्ष राजनीतिक हमला माना जा रहा है। नीरज ने कहा कि उनका चरित्र हनन करने वालों को वह छोड़ते नहीं हैं।


‘पुदीना सिंह’ वाले बयान पर भी दिया जवाब

अनंत सिंह के इस बयान पर कि वह चुनाव में नीरज कुमार का ‘गैस निकाल देंगे’, जदयू प्रत्याशी ने पलटवार किया। नीरज ने कहा कि वर्ष 2019 में उन्होंने अनंत सिंह का जो नामकरण किया था, अब अनंत सिंह ने खुद उसे स्वीकार कर लिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब अनंत सिंह खुद कह रहे हैं कि नीरज उन्हें ‘पुदीना’ कहते हैं, तो अब लोग भी उन्हें इसी नाम से बुलाएं।


नीतीश की पाठशाला का जिक्र, निशांत-सम्राट की जोड़ी पर भरोसा

पटना लौटने के बाद नीरज कुमार ने कहा कि उन्होंने राजनीति की शिक्षा नीतीश कुमार की पाठशाला में ली है। उन्होंने एमएलसी चुनाव में अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि एनडीए गठबंधन का झंडा बुलंद होगा और नीतीश कुमार का प्रभाव कायम रहेगा। उन्होंने सम्राट चौधरी और निशांत कुमार की जोड़ी पर भी भरोसा जताया और कहा कि यह जोड़ी हिट होगी। गौरतलब है कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। चुनाव में नीरज कुमार और जन सुराज समर्थित अनुज सिंह के बीच मुकाबले के साथ अनंत सिंह के विरोध ने भी राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।


अभिजीत एवं रवि शंकर की रिपोर्ट