अनंत सिंह की चुनौती, बजरंगबली के सामने नीरज कुमार से करूंगा डिबेट, घर में AK 47 रखवाने का आरोप

मोकामा विधायक ने नीरज कुमार को चुनौती देते हुए कहा कि वह बजरंगबली के मंदिर के पास आकर उनसे आमने-सामने बात करें। अनंत सिंह ने कहा कि वह भी वहीं खड़े रहेंगे और दोनों अपनी-अपनी बात जनता के सामने रखेंगे।

Mokama MLA Anant Singh
Mokama MLA Anant Singh - फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर एमएलसी नीरज कुमार और मोकामा के विधायक अनंत सिंह के बीच सियासी बयानबाजी जारी है। इसी क्रम में मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार को अब बजरंगबली के सामने खड़े होकर आमने-सामने बहस करने की चुनौती दी है। अनंत सिंह ने कहा कि अगर नीरज कुमार में हिम्मत है तो मंदिर के सामने आएं और दोनों आमने-सामने अपनी बात रखें। वहां जनता खुद सब कुछ सुनेगी।


पुराने वीडियो देखने की दी सलाह

नीरज कुमार के बयान पर पलटवार करते हुए अनंत सिंह ने पत्रकारों से उनके पुराने वीडियो निकालकर देखने को कहा। उन्होंने दावा किया कि नीरज कुमार पहले भी लगातार उनके खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं। अनंत सिंह के मुताबिक, हाल में उन्होंने भले ही नीरज कुमार पर प्रतिक्रिया दी हो, लेकिन जेडीयू एमएलसी लंबे समय से उन्हें निशाना बनाते रहे हैं। अनंत सिंह ने कहा कि नीरज कुमार के पुराने बयानों को देखने से दोनों नेताओं के बीच चल रही जुबानी जंग की पूरी कहानी समझी जा सकती है।


उन्होंने कथित दावा किया कि नीरज कुमार ने ही उनके घर में एके 47 रखवाकर उन्हें फंसवाया था। जदयू के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के इशारे पर नीरज कुमार के काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार ने बाद में आरसीपी का भी विरोध किया। अनत सिंह ने कहा कि वे पहले ही कह चुके हैं कि पटना स्नातक चुनाव में वे अनुज कुमार का समर्थन करेंगे और अपने फैसले पर अडिग हैं। 


‘बजरंगबली ही मेरे लिए अदालत’

मोकामा विधायक ने नीरज कुमार को चुनौती देते हुए कहा कि वह बजरंगबली के मंदिर के पास आकर उनसे आमने-सामने बात करें। अनंत सिंह ने कहा कि वह भी वहीं खड़े रहेंगे और दोनों अपनी-अपनी बात जनता के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि बजरंगबली के सामने नीरज कुमार जो कुछ कहेंगे, वह उसे अपने लिए अदालत के फैसले की तरह मानेंगे। अनंत सिंह के इस बयान से दोनों नेताओं के बीच चल रहा विवाद और दिलचस्प हो गया है।


JDU से पुराने रिश्तों का भी किया जिक्र

अनंत सिंह ने इस दौरान जेडीयू के साथ अपने पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह आज से नहीं, बल्कि पहले से ही जेडीयू से जुड़े रहे हैं। इसके बावजूद नीरज कुमार ने कई मौकों पर उनका विरोध किया। अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के खिलाफ भी विरोध की राजनीति की है।