अब फोन पर नहीं बजेगा तेज इमरजेंसी अलार्म! सरकार ने अचानक रोक दी यह खास सेवा, जानें वजह

आपके मोबाइल पर भी आने वाला तेज इमरजेंसी अलार्म अब बंद हो गया है?सरकार ने NDMA और C-DOT द्वारा विकसित 'सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम' को अस्थायी रूप से रोक दिया है।बिना इंटरनेट काम करने वाली इसआपदा चेतावनी सेवा को क्यों बंद किया गया और यह कब शुरु होगा?

Emergency alert system stopped by ndma reason
मोबाइल इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम अस्थाई रूप से बंद - फोटो : Reporter

मोबाइल फोन पर आने वाला तेज इमरजेंसी अलर्ट अलार्म फिलहाल के लिए शांत हो गया है। सरकार ने इस आपातकालीन सेवा को अस्थायी रूप से रोकने का एक बड़ा निर्णय लिया है। इसके तहत अब मोबाइल पर बिना इंटरनेट के आने वाले तेज अलार्म और पॉप-अप संदेश कुछ समय के लिए दिखाई नहीं देंगे। बताया जा रहा है कि सिस्टम में कुछ महत्वपूर्ण तकनीकी सुधार और समीक्षा (Review) प्रक्रिया के चलते प्रशासन ने यह कदम उठाया है।


मई में ही शुरू हुई थी यह हाई-टेक सेवा

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने हाल ही में इस 'सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम' की शुरुआत की थी। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य देश के नागरिकों को प्राकृतिक आपदाओं जैसे—चक्रवाती तूफान, भारी बारिश, बाढ़ या अन्य किसी आपात स्थिति से तुरंत सतर्क करना था। इस सिस्टम की सबसे बड़ी यूएसपी (USP) यह थी कि इसमें सामान्य नोटिफिकेशन के विपरीत एक बेहद जोरदार अलार्म बजता था, जो तुरंत ही यूजर का ध्यान आकर्षित कर लेता था।


बिना इंटरनेट कैसे काम करता है यह अलर्ट सिस्टम?

यह तकनीक C-DOT (सेंटर फॉर डिवेलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स) और गृह मंत्रालय ने मिलकर संयुक्त रूप से विकसित की है। इसकी कुछ प्रमुख विशेषताएं हैं। इस सिस्टम को संदेश डिलीवर करने के लिए इंटरनेट या मोबाइल डेटा की आवश्यकता नहीं होती। एक ही समय में एक विशेष क्षेत्र के लाखों मोबाइल फोनों पर एक साथ संदेश भेजा जा सकता है।यह तकनीक संकटग्रस्त इलाके के सटीक लोकेशन को ट्रैक करके केवल वहीं के लोगों को अलर्ट भेजती है।


आखिर क्यों लगानी पड़ी इस पर अस्थायी रोक?

हालांकि सरकार द्वारा आधिकारिक तौर पर इसका कोई विशिष्ट कारण साझा नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों और विशेषज्ञों के अनुसार, सिस्टम को अधिक सटीक, त्रुटिहीन और प्रभावी बनाने के लिए यह ब्रेक लिया गया है। विशेषज्ञ एजेंसियां फिलहाल इस तकनीक की बारीकियों की समीक्षा कर रही हैं। यह सुधार और रिव्यू प्रक्रिया पूरी होते ही इस सेवा को नए अपडेट्स और अधिक सटीकता के साथ फिर से शुरू कर दिया जाएगा।