बंद पड़ी चीनी मिलों को जल्द शुरू करने का निर्देश, सीएम नीतीश के फैसले पर मंत्री विजय चौधरी का बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की सभी बंद पड़ी चीनी मिलों को जल्द से जल्द चालू कराया जाए।

 closed sugar mills in Bihar
closed sugar mills in Bihar- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने के मुख्यमंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार के लिए औद्योगिकीकरण और युवाओं को रोजगार देना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों के बंद होने से गन्ना किसानों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी, ऐसे में मिलों के पुनः संचालन से गन्ना उत्पादक क्षेत्रों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फैसले को स्वागत योग्य कदम बताते हुए कहा कि सरकार बंद पड़ी चीनी मिलों को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है।


दरअसल, 13 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री ने ‘7 निश्चय पार्ट-3’ के तहत ‘समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार’ कार्यक्रम की समीक्षा की। बैठक में गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने जानकारी दी कि गोपालगंज जिले की सासामूसा चीनी मिल को जल्द शुरू किया जाएगा।


समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की सभी बंद पड़ी चीनी मिलों को जल्द से जल्द चालू कराया जाए। वर्तमान में पश्चिम चंपारण के चनपटिया, पूर्वी चंपारण के बाराचकिया और मोतिहारी, गोपालगंज के सासामूसा, सारण के मढ़ौरा, मुजफ्फरपुर के मोतीपुर, समस्तीपुर के समस्तीपुर तथा दरभंगा के सकरी और रैयाम स्थित चीनी मिलें बंद हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरानी चीनी मिलों के फिर से शुरू होने से किसानों की आमदनी बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को नई चीनी मिलों की स्थापना की दिशा में भी ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


उन्होंने ‘समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार’ योजना को तेजी और प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि बिहार को देश के पांच विकसित राज्यों में शामिल करने के लिए चरणबद्ध तरीके से एक्शन प्लान के तहत काम किया जाए।