LPG गैस सिलेंडर फिर हुआ महंगा, 1 अप्रैल की रात से की गई भारी बढोत्तरी, लोगों को लगा महंगाई का झटका, ईरान युद्ध के बाद तीसरी बार दामों में हुई वृद्धि
LPG prices increased:एलपीजी सिलेंडर के दामों में इजाफे का फरमान जारी हो गया।...
LPG prices increased: 1 अप्रैल की आधी रात एक नया महंगाई विस्फोट दर्ज कर गई। जैसे ही घड़ी ने नया दिन शुरू होने का ऐलान किया, वैसे ही एलपीजी सिलेंडर के दामों में इजाफे का फरमान जारी हो गया। यह बढ़ोतरी कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और जंग जैसे हालात का सीधा असर मानी जा रही हैजहां ईरान, अमेरिका और इजरायल के टकराव ने पूरी दुनिया की ऊर्जा सियासत को झकझोर दिया है।
सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब 195 से 200 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। अब दिल्ली में इसकी कीमत 2,078.50 रुपये तक पहुंच गई है यानी 2000 के आंकड़े को पार कर चुकी है। यह लगातार तीसरी बार है जब सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं, जिसने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा कारोबार से जुड़े लोगों की कमर तोड़ दी है। कारोबारियों के लिए यह फैसला किसी आर्थिक झटके से कम नहीं है।
हालांकि, इस सियासी फैसले में हुकूमत ने आम घरों को फिलहाल राहत देने की कोशिश जरूर की है। 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह अभी भी 913 रुपये पर कायम है। लेकिन सवाल यह है कि जब कमर्शियल गैस महंगी होगी, तो क्या इसका असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर नहीं पड़ेगा? यानी यह राहत कहीं आधा सच तो नहीं?
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष ने वैश्विक तेल बाजार में हलचल मचा दी है। ऊर्जा आपूर्ति की चेन प्रभावित होने से कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50 फीसदी तक उछाल आया है। यही वजह है कि हर महीने की पहली तारीख को कीमतों की समीक्षा करने वाली कंपनियां अब बढ़ोतरी के फैसले लेने को मजबूर दिख रही हैं।
इस बीच पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर जरूर हैं, लेकिन महंगाई का यह नया दौर संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में आम आदमी की जेब पर और दबाव बढ़ सकता है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है क्या यह महंगाई का तूफान थमने वाला है, या फिर लोगों को आने वाले दिनों में और कड़े आर्थिक इम्तिहान के लिए तैयार रहना होगा?