ऑनलाइन बेटिंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर STF का बड़ा प्रहार: बिहार समेत 5 राज्यों में 14 ठिकानों पर छापेमारी, 3 महिलाओं समेत 38 गिरफ्तार

बिहार STF और पांच राज्यों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर ऑनलाइन बेटिंग के एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क खुलासा किया है। एसटीएफ ने बिहार समेत कई राज्यों में इनके 14 ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की है.....

ऑनलाइन बेटिंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर STF का बड़ा प्रहार
ऑनलाइन बेटिंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर STF का बड़ा प्रहार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार एसटीएफ (STF) ने ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट के जरिए संचालित हो रहे एक बड़े अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय संगठित आर्थिक अपराध गिरोह का पर्दाफाश किया है। पटना साइबर थाना कांड संख्या 1529/26 के तहत बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस के संयुक्त सहयोग से एक साथ 14 ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की गई है, जिससे साइबर अपराधियों और सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


पटना, कोलकाता, दिल्ली और रांची समेत कई शहरों में फैला था अवैध नेटवर्क

इस सुनियोजित ऑपरेशन के तहत पटना में 7, कोलकाता में 2, दिल्ली में 3, गाजियाबाद में 1 और रांची में 1 ठिकाने पर एक साथ दबिश दी गई। इस व्यापक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के कुल 38 सदस्यों को धर दबोचा है, जिसमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गिरोह कई राज्यों में अपने नेटवर्क का दायरा फैलाए हुए था।


'Baliexch.com' जैसी वेबसाइटों के जरिए संचालित हो रहा था ऑनलाइन सट्टेबाजी का खेल

एसटीएफ की जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी 'WWW.Baliexch.com' और अन्य संबंधित संदिग्ध वेबसाइटों के माध्यम से अवैध ऑनलाइन बेटिंग का संगठित नेटवर्क चला रहे थे। डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर वित्तीय लेनदेन और अवैध कमाई की जा रही थी, जिस पर लंबे समय से एसटीएफ की नजर टिकी हुई थी।


22 लाख नकद, 300 से अधिक एटीएम कार्ड और भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के ठिकानों से भारी मात्रा में अवैध सामग्री और संपत्ति जब्त की है। इनमें 22 लाख रुपये नकद, 300 से अधिक एटीएम (ATM) कार्ड, 100 से ज्यादा मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 6 पेन ड्राइव, कई महंगी घड़ियां और लगभग 500 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं। बरामद किए गए ये दस्तावेज और उपकरण इस बात की गवाही देते हैं कि गिरोह बहुत बड़े पैमाने पर सक्रिय था।


कई आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास, नेटवर्क खंगालने में जुटी एसटीएफ

गिरफ्तार किए गए कई आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। बिहार एसटीएफ अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्ध सदस्यों, विदेशी संपर्कों और वित्तीय लेन-देन के पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है। मामले में आगे और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है, जिसके लिए लगातार छापेमारी और तलाशी अभियान जारी है।


अनिल की रिपोर्ट