बिहार पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 11 डीएसपी रैंक के अधिकारियों का तबादला, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना
बिहार पुलिस महकमे मे बड़ा फेर-बदल किया गया है। बिहार पुलिस सेवा के 11 अधिकारियों का तबादल कर दिया गया है। गृह विभाग द्वारा इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है....
Patna : बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बिहार पुलिस सेवा के 11 पदाधिकारियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। 18 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार स्थानांतरित अधिकारियों को उनके नाम के सामने अंकित नए पदों एवं स्थानों पर अगले आदेश तक के लिए पदस्थापित किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई नई जिम्मेदारियां
तबादले की सूची में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल हैं। विशेष शाखा पटना के अपर पुलिस अधीक्षक (स्टाफ ऑफिसर कोटि का उच्चतर प्रभार) मो. शिब्ली नोमानी को विशेष शाखा, पटना में ही पुलिस अधीक्षक (बी०) बनाया गया है। वहीं खगड़िया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, सदर मुकुल कुमार रंजन को पुलिस अधीक्षक, विधि-व्यवस्था, बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है।
मद्यनिषेध और विशेष अपराध अनुसन्धान विभाग में नई तैनाती
विशेष सशस्त्र पुलिस-1 पटना के अपर पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार यादव को पुलिस अधीक्षक, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेष निगरानी इकाई के पुलिस उपाधीक्षक चन्द्र भूषण को वरीय पुलिस उपाधीक्षक, विशेष अपराध, अपराध अनुसधान विभाग (CID), पटना तथा सुधीर कुमार को वरीय पुलिस उपाधीक्षक, विधि-व्यवस्था शाखा, बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में पदस्थापित किया गया है।
आर्थिक अपराध और विशेष निगरानी इकाई में बड़ा बदलाव
गृह विभाग की अधिसूचना के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOU) में कार्यरत पुलिस उपाधीक्षक जाकिर हुसैन और राजन प्रसाद सिंह को स्थानांतरित करते हुए विशेष निगरानी इकाई, बिहार, पटना में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। इसके अलावा रेल कटिहार के पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार अकेला का तबादला भी विशेष निगरानी इकाई, पटना में किया गया है।
एसटीएफ से ईओयू में भेजे गए संजीव कुमार
विशेष कार्य बल (STF) बिहार, पटना में पदस्थापित पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार को अब आर्थिक अपराध इकाई, बिहार, पटना में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर भेजा गया है। सरकार के अवर सचिव रत्नेश कुमार के हस्ताक्षर से जारी इस अधिसूचना को तत्काल प्रभाव से लागू करते हुए इसकी प्रतिलिपि बिहार राजपत्र के अगले अंक में प्रकाशन के लिए ई-गजट कोषांग को भेज दी गई है।


