Bihar Politics: बंगला, सुरक्षा पर लालू का सीधा हमला, बोले- सब कुछ नीतीश करवा रहे हैं, RJD ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध

Bihar Politics: लालू यादव ने दो टूक अंदाज में कहा कि उनकी सुरक्षा में कटौती और बंगला खाली कराने की पूरी कवायद के पीछे नीतीश कुमार की भूमिका है।....

Lalu Yadav Alleges Nitish Kumar
लालू का नीतीश पर सीधा हमला- फोटो : News4Nation

Bihar Politics: बिहार की सियासत में सरकारी आवास और सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा अब पूरी तरह राजनीतिक संग्राम का रूप ले चुका है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पहली बार खुलकर इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमारपर सीधा निशाना साधा है। लालू यादव ने दो टूक अंदाज में कहा कि उनकी सुरक्षा में कटौती और बंगला खाली कराने की पूरी कवायद के पीछे नीतीश कुमार की भूमिका है।राबड़ी आवास और सुरक्षा को लेकर उठे विवाद के बीच लालू यादव का यह बयान राजनीतिक गलियारों में नई बहस को जन्म दे रहा है। उन्होंने कहा, “हां, हमारी सुरक्षा हटा ली गई है। सब कुछ नीतीश कुमार करवा रहे हैं।” इससे पहले भी दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्होंने बंगला खाली करने के नोटिस और सुरक्षा में कमी को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा था कि “सब पागल हो गए हैं, घृणा कर रहे हैं, लेकिन मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।”

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहले ही इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बता चुके हैं। राजद का आरोप है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी  सत्ता का इस्तेमाल कर विपक्ष को निशाना बना रहे हैं।हालांकि इस पूरे विवाद के बीच एक नया मोड़ तब आया जब लालू यादव की पुत्री और सांसद मीशा भारती ने संकेत दिया कि परिवार निर्धारित समय सीमा के भीतर सरकारी आवास खाली कर देगा। उन्होंने कहा कि 15 दिनों के अंदर बंगला खाली कर दिया जाएगा। साथ ही सुरक्षा में कटौती के सवाल पर मीसा भारती ने कहा कि लालू-राबड़ी को जनता का प्यार और समर्थन प्राप्त है, इसलिए उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा की जरूरत महसूस नहीं होती। उन्होंने यहां तक कहा कि वह अपनी सुरक्षा भी लौटाने जा रही हैं।

दूसरी ओर राबड़ी देवी का रुख अब भी तल्ख बना हुआ है। उन्होंने पहले सरकार को चुनौती देते हुए कहा था कि 10 सर्कुलर रोड का आवास किसी भी कीमत पर खाली नहीं करेंगी और यदि सरकार चाहती है तो बल प्रयोग कर उन्हें हटाए। अब कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास को नए ठिकाने के रूप में तैयार किए जाने की चर्चा भी तेज हो गई है।

बहरहाल बंगला और सुरक्षा का यह मामला अब महज प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में प्रतिष्ठा, शक्ति प्रदर्शन और सियासी वर्चस्व की लड़ाई बनता जा रहा है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव को और तीखा कर सकता है।



रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह