Bihar News:फायरिंग केस में कोर्ट सख्त, खान सर के गार्डों को नहीं मिली जमानत,अपडेटेड केस डायरी तलब, प्रिंस आनंद मौत मामले में CBI जांच की मांग तेज

Bihar News: खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर के दो गार्डों की जमानत याचिका पर मंगलवार को व्यवहार न्यायालय में सुनवाई हुई, लेकिन अदालत से उन्हें कोई राहत नहीं मिली।

Khan Sir Guards Denied Bail Court Seeks Updated Case Diary
प्रिंस आनंद मौत मामले में CBI जांच की मांग तेज- फोटो : social Media

Bihar News: पटना में चर्चित हवाई फायरिंग और उससे जुड़े विवादित घटनाक्रम ने अब कानूनी और सियासी दोनों मोर्चों पर नया मोड़ ले लिया है। खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर के दो गार्डों की जमानत याचिका पर मंगलवार को व्यवहार न्यायालय में सुनवाई हुई, लेकिन अदालत से उन्हें कोई राहत नहीं मिली। कोर्ट ने मामले की अद्यतन केस डायरी तलब करते हुए अगली सुनवाई 20 जून तय कर दी है। इसके साथ ही पूरे मामले पर कानून का शिकंजा और कसता नजर आ रहा है।

फायरिंग प्रकरण में गिरफ्तार दोनों गार्ड फिलहाल सलाखों के पीछे हैं। वहीं खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर भी 20 जून को सुनवाई होनी है। हालांकि अदालत ने फिलहाल "नो कोर्सिव एक्शन" का संरक्षण दिया हुआ है। दूसरी ओर मामले में नामजद आरोपी अभिषेक की जमानत के लिए भी अदालत का दरवाजा खटखटाया जा रहा है।

इस पूरे घटनाक्रम ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद ने अपने भाई प्रिंस आनंद की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए। रौशन आनंद ने दावा किया है कि उनके भाई की मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसके लिए केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई को जिम्मेदारी सौंपी जाए। हालांकि इन आरोपों की जांच अभी जारी है और अदालत में किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की गूंज अब राजनीतिक गलियारों तक पहुंच चुकी है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उधर नेपाल पुलिस द्वारा प्रिंस के पांच दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की खबर ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है।

सोमवार देर रात प्रिंस आनंद का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र और शिक्षक शामिल हुए। परिवार गहरे सदमे में है और न्याय की मांग लगातार तेज हो रही है। अब सबकी निगाहें 20 जून की अदालत की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां इस बहुचर्चित मामले की दिशा और दशा तय हो सकती है।