इधर रौशन आनंद के भाई की मिली लाश उधर खान सर पर पुलिस ने कसा शिकंजा, नोटिस चस्पा कर तीन को किया तलब

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद द्वारा दर्ज कराए गए मामले के आधार पर की गई है। नोटिस में जिन लोगों को बुलाया गया है, उनसे घटना और उससे जुड़े तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

Khan Sir Controversy
Khan Sir Controversy - फोटो : news4nation

Khan Sir :  राजधानी पटना में चर्चित कोचिंग संचालकों के बीच विवाद के मामले में पुलिस ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। इसी क्रम में कदमकुआं थाना पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडी (खान सर) के कोचिंग संस्थान के बाहर नोटिस चस्पा कर तीन लोगों को पूछताछ के लिए तलब किया है। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को शुक्रवार शाम चार बजे तक थाना पहुंचकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद द्वारा दर्ज कराए गए मामले के आधार पर की गई है। नोटिस में जिन लोगों को बुलाया गया है, उनसे घटना और उससे जुड़े तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


कैसे शुरू हुआ था विवाद?

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हंगामा, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटना हुई थी। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग और खान ग्लोबल स्टडी से जुड़े लोगों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न वीडियो फुटेज और शिकायतों के आधार पर कार्रवाई शुरू की थी। इसी मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद को गिरफ्तार किया गया था और वर्तमान में वे बेउर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।


कोर्ट में भी चल रही है कानूनी लड़ाई

इस बहुचर्चित विवाद को लेकर मामला अब न्यायालय तक पहुंच चुका है। रौशन आनंद की ओर से गिरफ्तारी और अन्य कानूनी बिंदुओं को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाया गया है। वहीं पुलिस भी अपने स्तर पर दर्ज मामलों की जांच कर रही है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की न्यायिक एवं पुलिस स्तर पर अलग-अलग समीक्षा की जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में नए घटनाक्रम सामने आ सकते हैं।


नेपाल में हुई रौशन आनंद के भाई की मौत

इसी बीच इस प्रकरण से जुड़ा एक और घटनाक्रम रविवार को सामने आया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद नेपाल पुलिस ने उनके साथ मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है और नेपाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अनिल की रिपोर्ट